Bihar Weather: बिहार में 25 जिलों के लिए आरेंज तो 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी, पटना सहित इन इलाकों में होगी झमाझम बारिश

Bihar Weather: बिहार में मानसून का असर देखने को मिल रहा है। पूरे प्रदेश में बारिश हो रही है। वहीं आज मौसम विभाग ने 30 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। 25 जिलों के लिए ऑरेंज तो 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी है।

बारिश
38 जिलों के लिए अलर्ट जारी - फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather: बिहार में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। राज्य के अधिकतर जिलों में लगातार बारिश हो रही है। गुरुवार सुबह राजधानी पटना, औरंगाबाद और जहानाबाद समेत कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। वहीं बांका, छपरा, जमुई और मधेपुरा में हल्की से लेकर तेज बारिश हुई। दोपहर तक किशनगंज, शेखपुरा और अररिया में भी तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे किशनगंज के कई क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

25 जिलों के लिए ऑरेंज और 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट  

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, गुरुवार को मानसून ने रोहतास, गया, कैमूर, नवादा, सुपौल और मुंगेर में दस्तक दी। गया के डोभी में 105 मिमी जबकि गया शहर में 37.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। विभाग ने शनिवार के लिए राज्य के सभी 38 जिलों में बारिश की संभावना जताई है, जिसमें 25 जिलों को ऑरेंज अलर्ट और 13 जिलों को येलो अलर्ट पर रखा गया है।

तापमान में गिरावट

बारिश के कारण राज्य के तापमान में गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई है। शुक्रवार देर रात तक पटना, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, औरंगाबाद और गया सहित कई जिलों में झमाझम बारिश होती रही। शेखपुरा, मधेपुरा, बेगूसराय, सहरसा, सासाराम और छपरा में भारी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

आज होगी झमाझम बारिश 

मौसम विभाग ने आज यानी शनिवार को भी प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में दिनभर बारिश की संभावना जताई है। कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इसके चलते आपदा प्रबंधन विभाग ने किसानों और आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने वज्रपात और नदियों के जलस्तर पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

इन जिलों में भारी बारिश

मौसम विभाग ने किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, बक्सर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद में भारी वर्षा की चेतावनी दी है। सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, कटिहार, बेगूसराय, शेखपुरा, लखीसराय, नवादा, नालंदा, जहानाबाद, पटना, गया, भोजपुर और अरवल में तेज बारिश की संभावना जताई है। वहीं पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, मधुबनी, दरभंगा, गोपालगंज, सीवान, सारण, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई के कई हिस्सों में बारिश के आसार हैं।

24 घंटे के लिए रहे सावधान 

इसके साथ ही प्रदेश में 40 किलोमीटर प्रतिघंटा तक की रफ्तार से मध्यम से तेज हवाएं चलने की संभावना है। अगले 24 घंटों के भीतर राज्य के कई इलाकों में मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। आपदा प्रबंधन विभाग ने पूरे राज्य में कंट्रोल रूम के माध्यम से सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।