Bihar Weather: बिहार में अगले 24 घंटे में मौसम लेगा करवट, गिरेगा रात का तापमान, जानिए मौसम विभाग का अलर्ट
Bihar Weather: बिहार में मौसम करवट ले रहा है। दिन और रात के तापमान में भारी अंतर देखने को मिल रहा है। कभी ठंड तो कभी गर्मी का एहसास हो रहा है। वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में मौसम में बदलाव होने की संभावना जताई है।
Bihar Weather: बिहार में मौसम ने लोगों को परेशान कर रखा है। कभी गर्मी तो कभी ठंड का एहसास हो रहा है। वहीं कई शहरों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार से राज्यभर में रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। तापमान में इस कमी के बाद बिहार के कुछ शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचने की संभावना है। हालांकि अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव के संकेत नहीं मिले हैं।
6 से 7 दिनों तक मौसम रहेगा शुष्क
विभाग ने यह भी कहा है कि अगले छह से सात दिनों तक बिहार का मौसम शुष्क बना रहेगा और इस दौरान सुबह के समय राज्य के कुछ हिस्सों में हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है। राजधानी पटना में फिलहाल तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। दिन में थोड़ी गर्माहट मिल रही है, लेकिन रात का तापमान लगातार नीचे जा रहा है। शुक्रवार को पटना में सामान्य तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कैसा रहेगा पटना का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी पटना का आसमान साफ रहेगा, जिसके कारण दिन में धूप निकलेगी, लेकिन सुबह और शाम की ठंडक बढ़ी हुई महसूस होगी। राजधानी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री की बढ़ोतरी जबकि न्यूनतम तापमान में 2.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री और न्यूनतम 17.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग की चेतावनी
बिहार के अन्य जिलों में भी तापमान में गिरावट का असर दिख रहा है। शुक्रवार को राज्य में न्यूनतम तापमान 13.2 से 19.9 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 27.2 से 31.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मोतिहारी प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा जहां अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि औरंगाबाद में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे कम दर्ज हुआ। पूर्णिया में शुक्रवार को सबसे कम दृश्यता 800 मीटर रही, जिससे सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।