Bihar Weather: बिहार में अब गर्मी बरपाएगी कहर ! थमा बारिशों का दौर, 4 डिग्री तक बढ़ेगा पारा

Bihar Weather: बिहार में अब बारिश थम गई है। तापमान में अब मौसम विभाग ने बढ़ोतरी की संभावना जताई है।

गर्मी
Now heat will wreak havoc- फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather: बिहार में अब बारिश का दौर थम चुका है। इस दौरान राज्य के कई जिलों में गरज-तड़क के साथ बारिश और वज्रपात की घटनाएं दर्ज की गईं। हालांकि, अब मौसम साफ हो गया है और सूरज की किरणें बिना किसी रुकावट के धरती पर पहुंच रही हैं, जिससे तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है। प्रदेश के लोगों को अब गर्मी के लिए तैयार रहना होगा। आज से तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। 

मौसम वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान

मौसम विभाग की मानें तो मौजूदा मौसमी सिस्टम के अनुसार बिहार का मौसम अब शुष्क रहेगा। अगले तीन से चार दिनों में तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी का अनुमान है। ऐसे में राज्यवासियों को बढ़ती गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

मौसमी सिस्टम की स्थिति

मौसम विभाग के अनुसार, एक चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर उत्तर-पूर्व असम के पास बना हुआ है। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश में भी समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर एक और चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। इन मौसमी स्थितियों के कारण अब तापमान में लगातार वृद्धि होने का अनुमान है। अगले तीन से चार दिनों में दिन का अधिकतम तापमान चार डिग्री तक बढ़ सकता है।

आज का मौसम कैसा रहेगा?

सोमवार यानी 24 मार्च को बिहार में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का एहसास होगा। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 32°C से 35°C के बीच जबकि न्यूनतम तापमान 18°C से 20°C के बीच रहने का अनुमान है। सुबह 8:30 बजे तक पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, बांका और भागलपुर जिलों में तेज हवा और आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। इसके बाद दिनभर मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा।

बीते दिन का तापमान रिकॉर्ड

23 मार्च को दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के कारण तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। इस दिन बिहार का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.1°C गोपालगंज में दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.1°C अगवानपुर में रहा। वहीं, खगड़िया में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 21.1°C दर्ज किया गया।

Editor's Picks