Bihar Weather: पटना में अगले 2 दिनों में बदल जाएगा मौसम, कड़ाके की ठंड के लिए हो जाइए तैयार, जानिए मौसम विभाग का अलर्ट
Bihar Weather: पटना में अगले 2 दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। कड़ाके की ठंड के लिए अब पटना के लोगों को तैयार रहने की जरुरत है। 2 दिनों में तापमान में भारी गिरावट देखने को मिलेगी।
Bihar Weather: बिहार में धीरे धीरे सर्दी ने अपना तेवर दिखाना शुरु कर दिया है। नवंबर का आखिरी सप्ताह चल रहा है और ठिठुरन बढ़ती हुई महसूस हो रही है। हालांकि अब भी दिन में धूप के कारण राहत है लेकिन रात और सुबह में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार पटना सहित कई जिलों में अगले दो दिनों के भीतर तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे राज्य में ठंड और अधिक कड़ाके की हो जाएगी।
अगले कुछ दिनों में बदल जाएगा मौसम
दक्षिण अंडमान सागर में बने निम्न दबाव क्षेत्र का प्रभाव 27 और 28 नवंबर को बिहार के मौसम पर दिखाई देगा। इस दौरान कई इलाकों में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि 24 नवंबर के बाद तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी, जिससे रातें और ज्यादा सर्द होंगी। ठंड बढ़ने के साथ कोहरे की स्थिति भी गंभीर होती दिख रही है। दृश्यता कम होने के कारण यातायात प्रभावित है और रेल सेवाओं पर इसका खासा असर पड़ा है। राज्य में करीब 10 ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जिनमें दिल्ली, मुंबई और कोलकाता रूट की ट्रेनों पर कोहरे का सबसे ज्यादा प्रभाव देखा जा रहा है।
27-28 नवंबर को गिर सकता है तापमान
हालांकि दिन के समय धूप राहत दे सकती है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि रात का तापमान लगातार नीचे जाता रहेगा। उत्तर-पश्चिम से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाएं तापमान को और गिरा सकती हैं, जिससे सुबह और शाम की ठिठुरन और तेज होगी। अनुमान है कि 27–28 नवंबर के बाद कई जिलों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है। शनिवार को गयाजी राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा। जहां न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि फोर्ब्सगंज 30.4 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा।
घना कोहरे छाने की संभावना
आने वाले दिनों में घना कोहरा छाने की भी संभावना जताई गई है, जिससे सुबह यात्रा करने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। राजधानी पटना में भी ठंड का असर तेजी से महसूस किया जा रहा है। यहां दिन का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। कम आर्द्रता के कारण लोगों को ठंड अधिक महसूस हो रही है और त्वचा में रूखापन जैसी समस्याएं भी बढ़ सकती हैं।