Bihar Weather: पछुआ हवाओं ने बढ़ाई कनकनी, पटना में लुढका पारा, दिसंबर में पड़ेगी कड़ाके की ठंड

Bihar Weather: बिहार में ठंड ने जोरदार दस्तक दे दी है। उत्तर भारत से आ रही शीतल हवाओं के प्रभाव से राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। IMD पटना के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में और कमी आएगी।

ठंड
पछुआ हवाओं ने बढ़ाई ठंड - फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather: बिहार में ठंड एक बार फिर तेज हो गई है। मंगलवार को पछुआ हवा की रफ्तार बढ़ने के साथ ही राज्यभर में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दिन में धूप निकलने के बावजूद लोगों ने ठिठुरन महसूस की। कई जिलों में देर रात से लेकर सुबह तक मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने से जनजीवन प्रभावित रहा। मंगलवार को सबसे कम दृश्यता पूर्णिया में सिर्फ 600 मीटर रिकॉर्ड की गई।

घने कोहरे ने बढ़ाई परेशानी

पिछले 24 से 48 घंटों में पटना, खगड़िया, गोपालगंज, सारण, मधेपुरा, सुपौल, बेगूसराय, जहानाबाद और किशनगंज सहित 10 से अधिक जिलों में सुबह घना कोहरा छाया रहा। उत्तर और उत्तर-पूर्वी बिहार के कई इलाकों में दृश्यता 100 से 200 मीटर तक दर्ज की गई, जिसका सीधा असर जनजीवन और यातायात पर पड़ा है। IMD ने अगले कुछ दिनों तक इसी तरह के मौसम की संभावना जताते हुए यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। राज्य के कम से कम चार शहरों में न्यूनतम तापमान 10°C के आसपास पहुंच चुका है। 

इन जिलों में रहेगा कोहरे का असर

विभाग ने आगामी 48 घंटों में तापमान में 1 से 3°C तक और गिरावट की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, किशनगंज, औरंगाबाद, बांका, भागलपुर, सासाराम और कैमूर में अगले दो दिनों तक सुबह और देर रात हल्के से मध्यम कोहरे का प्रभाव देखने को मिलेगा।

पटना में भी बढ़ेगी ठिठुरन

राजधानी पटना में भी ठंड तेजी से बढ़ रही है। IMD ने अनुमान लगाया है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 1-2 डिग्री तक गिर सकता है। दिन में धूप रहने के बावजूद असर मामूली होगा और शाम ढलते ही ठिठुरन में इजाफा महसूस होगा। हालांकि, अधिकतम तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मंगलवार को किशनगंज में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 29°C रिकॉर्ड किया गया।