Bihar weather: बिहार में अगले 4 दिनों में बदल जाएगा मौसम का मिजाज, आज 14 जिलों के लिए अलर्ट जारी, पटना में ठनका गिरने की संभावना

Bihar weather: बिहार में अगले कुछ दिनों में मौसम में बदलवा देखने को मिलेगा। एक बार फिर भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर सकता है। वहीं आज मौसम विभाग ने 14 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।

बारिश ठनका
ठनका का अलर्ट- फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar weather: बिहार में मौसम का मिजाज बदला बदला नजर आ रहा है। राज्य में बारिश का दौर है। वहीं मंगलवार को पटना में बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने राजधानी समेत राज्य के कई जिलों में एक-दो स्थानों पर ठनका गिरने और हल्की बारिश होने की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। वहीं मौसम विभाग की मानें तो अलगे 4 दिनों में गर्मी का कहर एक बार फिर शुरु हो जाएगा। 

पटना में ठनका का अलर्ट 

सोमवार को पटना में सुबह से बादल छाए रहे, हालांकि दोपहर बाद धूप निकल आई। मौसम विभाग के अनुसार पटना का अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जो सामान्य से थोड़ा कम रहा। अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, 63 प्रतिशत आर्द्रता के चलते लोगों को उमस और आंशिक गर्मी का एहसास हुआ।

14 जिलों में बारिश का अलर्ट 

राज्य के 14 जिलों पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, भागलपुर और बांका में मंगलवार को ठनका गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है। उत्तर बिहार के कुछ हिस्सों में बारिश के भी आसार हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले चार दिनों में राज्य में अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है, जिससे भीषण गर्मी का एहसास बढ़ सकता है।

आने वाले दिनों में बदलेगा मौसम का मिजाज

सोमवार को प्रदेश के अधिकतर जिलों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि जबकि अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बक्सर 37.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला रहा। वहीं किशनगंज में न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बारिश के मोर्चे पर सोमवार को 17 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश किशनगंज के तेबपुर में रिकॉर्ड की गई, जहां 136.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं औरंगाबाद, पूर्वी चंपारण, बांका और किशनगंज में 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में राज्य के मौसम में और भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं।