Bihar Weather: बिहार में अगले कुछ घटों में बदल जाएगा मौसम का मिजाज, इन जिलों में आज फिर होगी झमाझम बारिश, IMD की चेतावनी
Bihar Weather: बिहार में मौसम में बदलाव होने जा रहा है। मौसम विभाग की मानें तो अब बारिश का दौर थम जाएगा और अगले हफ्ते से लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

Bihar Weather: बिहार के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। अगले सप्ताह से चिलचिलाती धूप लोगों को परेशान कर सकती है। हालांकि भारतीय मौसम विभाग की मानें तो बिहार के कई जिलों में आगामी 3 जून तक बारिश होने की संभावना है। विभाग का कहना है कि इस बारिश के चलते अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिलेगी।
इन जिलों में हो सकती हैं बारिश
आईएमडी के अनुसार अररिया, किशनगंज और पूर्णिया समेत राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं और गरज के साथ भारी बारिश की आशंका जताई गई है। हालांकि, सिवान, छपरा, वैशाली, पटना, भोजपुर और बक्सर को छोड़कर शेष जिलों में आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी पटना में भी देर रात हल्की बारिश के आसार हैं।
तापमान में गिरावट की संभावना
मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश में तापमान में गिरावट का रुझान देखा जा रहा है। गोपालगंज में अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि छपरा में न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने बताया कि अगले एक सप्ताह तक बिहार में अधिकांश हिस्सों में गर्मी का असर बना रहेगा। बारिश की गतिविधियां कुछ चुनिंदा जिलों तक ही सीमित रहेंगी, जबकि बाकी जिलों में तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि संभव है।
आज कैसा रहेगा मौसम?
प्री-मॉनसून के अंतिम दिन आज बिहार में मिला-जुला मौसम देखने को मिलेगा। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक और वज्रपात की संभावना है। इन इलाकों में 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं अन्य जिलों में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। राज्य में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
मॉनसून की चाल में बदलाव
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में अभी मॉनसून प्रवेश नहीं कर पाया है और वर्तमान में हो रही वर्षा प्री-मॉनसून प्रभाव के कारण है। उनका कहना है कि मॉनसून के बिहार पहुंचने की सामान्य तिथि 13 से 15 जून के बीच मानी जाती है। हालांकि, हाल ही में एक डिप्रेशन के चलते मॉनसून की दिशा बदलकर उत्तर-पूर्व भारत की ओर मुड़ गई है। पहले मॉनसून बिहार की ओर तेजी से बढ़ रहा था, लेकिन अब यह असम की ओर अग्रसर है।