Bihar Weather : बिहार के 19 जिलों में यलो अलर्ट, अगले 48 घंटे में बारिश- वज्रपात का खतरा,मानसून दे सकता है 15 जून के आसपास दस्तक
Bihar Weather : बिहार में इन दिनों मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के 19 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की नसीहत दी है।..
Bihar Weather : बिहार में इन दिनों मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। एक तरफ जहां भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली है, वहीं दूसरी तरफ तेज आंधी, बारिश और वज्रपात ने चिंता भी बढ़ा दी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के 19 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की नसीहत दी है। विभाग के मुताबिक अगले 24 से 48 घंटों के दौरान कई इलाकों में तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रभावित जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अचानक बदलते मौसम के कारण जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है। खासकर किसानों, खुले स्थानों पर काम करने वाले मजदूरों और यात्रियों को अतिरिक्त एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बिहार इस वक्त प्री-मानसून सीजन से गुजर रहा है। यही वजह है कि दिन में तेज धूप और तपिश महसूस हो रही है, लेकिन दोपहर बाद मौसम अचानक करवट ले रहा है। आसमान में काले बादल छा रहे हैं और तेज हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो जा रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बनने वाले मौसमी सिस्टम और मानसून की रफ्तार आगे के मौसम को तय करेंगे।
जिन 19 जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है उनमें पटना, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, नालंदा, जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, गया, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय और बेगूसराय शामिल हैं। इन जिलों में रहने वाले लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें।
मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम बिहार में बादलों की गतिविधियां बढ़ी हुई हैं। अगले दो दिनों तक मेघगर्जन, तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस बीच किसानों के लिए राहत भरी खबर यह है कि मानसून अब ज्यादा दूर नहीं है। मौसम विभाग के ताजा संकेतों के अनुसार 15 जून के आसपास बिहार में मानसून की दस्तक हो सकती है। हालांकि शुरुआती अनुमान में मानसून सामान्य से थोड़ा कमजोर रहने की संभावना जताई गई है, लेकिन बिहार में सामान्य बारिश की उम्मीद बरकरार है।