Bihar Weather: बिहार में भयानक आंधी-तूफान का चेतावनी, 15 जिलों में भारी मूसलाधार बारिश का अलर्ट, , वज्रपात का मंडरा रहा खतरा, विशेष सतर्कता बरतने की सलाह

Bihar Weather: बिहार का मौसम बेहद सक्रिय रहेगा। राज्य के कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और आंधी-तूफान का असर देखने को मिलेगा....

Bihar Weather Alert Storms Heavy Rain
बिहार में भयानक आंधी-तूफान का चेतावनी- फोटो : X

Bihar Weather: भीषण गर्मी और झुलसा देने वाली लू से परेशान बिहारवासियों के लिए मौसम राहत की खबर लेकर आया है, लेकिन यह राहत अपने साथ एक बड़ा खतरा भी लेकर आ रही है। पिछले कई दिनों से सूरज की तपिश ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा था। दोपहर के समय सड़कें वीरान नजर आ रही थीं और गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया था। शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली है और आसमान में घिरते काले बादल एक बड़े बदलाव का इशारा दे रहे हैं।

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक आज यानी 30 मई को बिहार का मौसम बेहद सक्रिय रहेगा। राज्य के कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और आंधी-तूफान का असर देखने को मिलेगा। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, भोजपुर, सारण, गोपालगंज, पटना, गया, सिवान, जहानाबाद, औरंगाबाद, रोहतास, नवादा, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज समेत कई जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और निम्न दबाव का क्षेत्र मिलकर एक मजबूत वेदर सिस्टम तैयार कर रहे हैं। इसी वजह से राज्य के कई हिस्सों में अचानक मौसम बिगड़ सकता है। हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे पेड़ उखड़ने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और जनजीवन प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।

सबसे ज्यादा खतरा वज्रपात यानी बिजली गिरने का बताया गया है। खेतों में काम कर रहे किसानों, खुले मैदान में मौजूद लोगों और यात्रा कर रहे यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। तेज बारिश के कारण कई निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति भी पैदा हो सकती है।

हालांकि मौसम का यह बदला हुआ मिजाज भीषण गर्मी से राहत देगा, लेकिन लोगों को लापरवाही से बचना होगा। मौसम विभाग ने साफ कहा है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूर रहें तथा लगातार मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखें। आने वाले घंटे बिहार के लिए राहत और आफत दोनों का पैगाम लेकर आ सकते हैं।