Bihar Encounter:सुबह सुबह गोपालगंज में पुलिस ने अपराधी को दौड़ा कर मारी गोली, 50 हजार के इनामी बदमाश आकाश का एनकाउंटर, इलाक में हड़कंप

Bihar Encounter: बिहार में जुर्म की दुनिया पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है।

Gopalganj Encounter50 000 Rewarded Gangster Akash Nabbed
सुबह सुबह एनकाउंटर- फोटो : social Media

Bihar Encounter: बिहार में जुर्म की दुनिया पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में गोपालगंज पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। हत्या, लूट, रंगदारी और कई संगीन वारदातों में वांछित 50 हजार रुपये का इनामी कुख्यात बदमाश आकाश कुमार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। नगर थाना क्षेत्र के बंजारी बायपास पर हुई पुलिस और बदमाश के बीच जबरदस्त मुठभेड़ ने इलाके में सनसनी फैला दी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, खुफिया सूचना मिली थी कि लंबे समय से फरार चल रहा आकाश कुमार इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को चारों तरफ से घिरा देख बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और चली गोलियों के बीच आकाश कुमार के दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसका बच निकलने का मंसूबा नाकाम हो गया और पुलिस ने उसे दबोच लिया।

गिरफ्तार अपराधी की पहचान थावे थाना क्षेत्र के बरईपट्टी निवासी आकाश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह इलाके का एक शातिर और पेशेवर अपराधी माना जाता है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी व अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।

मुठभेड़ के बाद घायल बदमाश को कड़ी सुरक्षा के बीच अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आकाश से पूछताछ के दौरान कई बड़े आपराधिक नेटवर्क और उसके सहयोगियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।

इस कार्रवाई के बाद अपराध जगत में हड़कंप मच गया है। पुलिस का साफ संदेश है कि कानून से भागने वाले बदमाशों की अब खैर नहीं। गोपालगंज पुलिस की इस बड़ी सफलता को अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अहम उपलब्धि माना जा रहा है। इलाके के लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा