Bihar Weather: बिहार में मानसून से पहले मौसम का मिजाज तल्ख, गर्मी के साथ 38 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी, कहीं तपिश तो कहीं ओलावृष्टि से मचेगी तबाही

Bihar Weather: बिहार में एक बार फिर मौसम का मिज़ाज तेजी से बदलता दिखाई दे रहा है। एक तरफ भीषण गर्मी और उमस लोगों की परेशानी बढ़ाने वाली है, तो दूसरी ओर आंधी, बारिश और वज्रपात का खतरा भी मंडरा रहा है।...

Bihar Weather Braces for Heatwave Storms and Heavy Rain Aler
बिहार में कहीं तपिश तो कहीं ओलावृष्टि से मचेगी तबाही- फोटो : X

Bihar Weather: बिहार में एक बार फिर मौसम का मिज़ाज तेजी से बदलता दिखाई दे रहा है। एक तरफ भीषण गर्मी और उमस लोगों की परेशानी बढ़ाने वाली है, तो दूसरी ओर आंधी, बारिश और वज्रपात का खतरा भी मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना जताई है। अनुमान है कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 32 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 16 मई की सुबह से 17 मई की सुबह तक बिहार के 38 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें 16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 22 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। कई इलाकों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

राजधानी पटना समेत गया, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सिवान, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, मुंगेर, बांका, जमुई, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार और अररिया जैसे जिलों में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की गई है।

इधर नवादा में शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी और बारिश के साथ कई इलाकों में ओले गिरे। रजौली अनुमंडल में पेड़ गिरने से सड़कें जाम हो गईं और कई मकानों को नुकसान पहुंचा। किसानों की फसलों को भी भारी क्षति हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और स्थानीय मौसमीय परिस्थितियों के कारण उत्तर-पूर्व बिहार में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं। वहीं राहत की खबर यह है कि इस साल बिहार में मानसून 8 से 10 जून के बीच दस्तक दे सकता है, जो सामान्य समय से करीब चार दिन पहले माना जा रहा है।