Bihar Weather: बिहार में जारी रहेगा आंधी-बारिश का दौर,गया से जमुई तक तूफानी बारिश,19 जिलों में रेड अलर्ट

Bihar Weather: मौसम विभाग ने उत्तर-पूर्व बिहार के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। विभाग के मुताबिक रविवार को इन इलाकों में तेज़ मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और ओले गिरने का खतरा मंडरा रहा है....

Bihar Weather Braces for Storms Red Alert in 19 Districts To
बिहार में कहीं आंधी-ओले, कहीं बढ़ेगी तपिश- फोटो : X

Bihar Weather:  बिहार में मौसम का मिजाज इन दिनों पूरी तरह बेक़ाबू और अनिश्चित नजर आ रहा है। कभी तेज़ आंधी और मूसलाधार बारिश लोगों को राहत दे रही है, तो कहीं आसमान से बरसती आग और उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। शनिवार को गया, नवादा, जमुई, शेखपुरा और नालंदा समेत कई जिलों में मौसम ने अचानक खौफनाक करवट ली। तेज़ तूफानी हवाओं, गरज-चमक और बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। कई इलाकों में ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया।

मौसम विभाग ने उत्तर-पूर्व बिहार के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। विभाग के मुताबिक रविवार को इन इलाकों में तेज़ मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और ओले गिरने का खतरा मंडरा रहा है। हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। लोगों को बेवजह घरों से बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है।

दूसरी तरफ राजधानी पटना और दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों में मौसम बिल्कुल अलग तस्वीर पेश कर रहा है। यहां आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने की संभावना है, जिससे गर्मी का असर फिर बढ़ने लगा है। हालांकि बीते कुछ दिनों की बारिश ने तापमान में गिरावट दर्ज कर लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत जरूर दी है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त असर से बिहार में प्री-मानसून गतिविधियां काफी सक्रिय हो गई हैं। यही वजह है कि राज्य में लगातार मौसम का ड्रामा जारी है। अगले 5 से 7 दिनों तक आंधी, बारिश और बिजली गिरने का सिलसिला जारी रह सकता है।

इस बीच किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में तैयार फसलें तेज हवा और ओलावृष्टि की भेंट चढ़ रही हैं। उधर आम लोग भी मौसम के इस बदलते तेवर से सहमे हुए हैं। बिहार में फिलहाल मौसम राहत भी दे रहा है और आफत भी बनता जा रहा है।