Bihar Weather: बिहार में बदला मौसम, समय से पहले 'तपिश' की दस्तक,फरवरी में ही छूटने लगे पसीने, किसानों को भारी टेंशन

Bihar Weather: बिहार के मौसम में भारी बदलाव देखने को मिल रहा है। समस से ही तपिश शुरु हो गई है। फरवरी में ही पसीने छूटने लगे हैं। आने वाले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना नहीं जताई जा रही है।

गर्मी शुरु
फरवरी में ही छूटे पसीने - फोटो : social media

Bihar Weather:  बिहार में मौसम का बदलाव अब साफ तौर पर दिख रहा है। फरवरी महीने में ही गर्मी का असर दिखने लगा है। अधिकतर जिलों में दिन और रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। तेज धूप और साफ आसमान के कारण दिन का पारा सामान्य से ऊपर बना हुआ है। जिससे लोगों को समय से पहले गर्मी का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की कमजोरी, बारिश की कमी और साफ मौसम इस बदलाव की बड़ी वजह हैं।

सबसे गर्म कैमूर 

राज्य में सबसे अधिक गर्म इलाका कैमूर दर्ज किया गया, जहां दिन का तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखी गई है। किशनगंज को छोड़कर लगभग सभी जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, जिससे मौसम में हल्की गर्माहट बनी हुई है।

किसानों को टेंशन 

रबी फसलों जैसे गेहूं,चना,मसूर और सरसों के लिए तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव नुकसानदेह साबित हो सकता है। ज्यादा गर्मी से कीटों का प्रकोप तेजी से बढ़ता है और फसलों में बीमारी का खतरा भी बढ़ जाता है। खासकर गेहूं की बालियां बनने के समय अधिक तापमान रहने से दाने कमजोर हो सकते हैं। हालांकि फिलहाल तापमान में बढ़ोतरी की रफ्तार धीमी है और फसलों पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है।

कोहरे से राहत

पिछले कुछ दिनों से राज्य में घने कोहरे से राहत बनी हुई है। सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्का कोहरा जरूर दिख रहा है,लेकिन दृश्यता सामान्य बनी हुई है। गुरुवार को सबसे कम दृश्यता पूर्णिया में 900 मीटर दर्ज की गई। जो सामान्य स्थिति मानी जा रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 19 फरवरी तक न तो घने कोहरे की संभावना है और न ही बारिश के आसार हैं। तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और दिन-रात के पारे में मामूली उतार-चढ़ाव ही देखने को मिल सकता है