Bihar Weather: बिहार में मौसम का 'डबल अटैक', 12 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, 3 दिनों में बढ़ेगी ठंड

Bihar Weather: बिहार में मौसम विभाग का डबल अटैक देखने को मिल रहा है। आज 12 जिलों के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। अगले 3 दिनों में तापमान के गिरने और ठंड के बढ़ने की संभावना है।

बिहार मौसम
घने कोहरे का अलर्ट - फोटो : social media

Bihar Weather: बिहार में मौसम का डबल अटैक जारी है। एक और जहां सुबह और शाम ठंड का असर देखने को मिल रहा है तो वहीं धूप निकलने पर हल्की गर्मी का अहसास भी हो रहा है। मौसम विभाग ने आज 12 जिलों के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। सुबह और शाम धुंध के कारण दृश्यता में भारी कमी आ सकती है, जिससे वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

सुबह शाम बढ़ी कनकनी

मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। सुबह और शाम कनकनी बनी रहेगी, जबकि दिन में धूप निकलने से ठंड से आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है। बीते 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में घना कोहरा देखा गया, जहां दृश्यता घटकर करीब 100 मीटर तक पहुंच गई। इस दौरान 9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ भागलपुर राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा।

न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट संभव

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बिहार समेत पूर्वी भारत में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे ठंड का असर एक बार फिर बढ़ने की संभावना है, खासकर रात और सुबह के समय। अगले दो दिनों तक बिहार के अलग-अलग इलाकों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने की आशंका है, जबकि दिन में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा।

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं, बारिश की संभावना नहीं

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं और वातावरण में नमी के कारण उत्तर बिहार के जिलों में घना कोहरा बन रहा है। इसके चलते सुबह के समय दृश्यता 50 से 100 मीटर तक सिमट सकती है। वेदर एक्सपर्ट्स ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल कोई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है, इसलिए बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, ठंड और कोहरे का यह दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है।

पटना में सुबह-शाम ठंड

राजधानी पटना में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। यहां यलो अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन सुबह कोहरे के साथ हल्की ठिठुरन महसूस होगी। दिन में धूप निकलने के बाद मौसम साफ हो जाएगा। पटना में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। ठंडी हवाओं के कारण सुबह और देर रात हल्की ठंड बनी रहेगी।