Bihar Weather: बिहार में फिर बढ़ेगी कनकनी, मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए जारी किया अलर्ट, सबसे ठंडा रहा ये जिला

Bihar Weather: बिहार में एक बार फिर ठंड बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। भागलपुर बिहार में सबसे ठंडा जिला रहा। मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है।

बिहार मौसम
फिर बढ़ेगी ठंड - फोटो : social media

Bihar Weather:  बिहार में ठंड से फिलहाल राहत मिल रही है। कई जिलों में धूप निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि मौसम विभाग की मानें तो जनवरी माह के आखिरी सप्ताह तक ठंड से पूरी तरह निजात मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग की मानें तो पहाड़ी इलाकों में जारी बर्फबारी के चलते प्रदेश में कनकनी बढ़ सकती है।

सबसे ठंडा रहा ये जिला 

मौसम विभाग के अनुसार, पटना और बेगूसराय समेत नौ जिलों में धुंध छाई रहेगी। पछुआ हवा के सक्रिय रहने से ठंड में इजाफा हो सकता है। अन्य जिलों में सुबह के समय कुहासा रहेगा, जबकि दिन में धूप खिलने से हल्की राहत मिलेगी। राज्य के सात जिलों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। बीते 24 घंटे में 14 जिलों का तापमान 10 डिग्री से कम रहा। 6.2 डिग्री सेल्सियस के साथ भागलपुर का सबौर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जबकि नालंदा में 7.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

आगे कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग का अनुमान है कि 21 जनवरी को चार से पांच जिलों में घना कुहासा देखने को मिलेगा। इसके बाद अगले छह दिनों तक ठंड सामान्य बनी रह सकती है। इस दौरान तापमान में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट की संभावना है। 20–21 जनवरी के बाद उत्तर-पश्चिम दिशा से ठंडी और शुष्क हवाएं तेज हो सकती हैं, जिससे न्यूनतम तापमान में एक बार फिर गिरावट दर्ज की जा सकती है।

पटना का मौसम

राजधानी पटना में सुबह और देर रात कुहासा छाया रहेगा। न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। लगातार दिन में धूप निकलने से कनकनी में कमी आई है। बीते 24 घंटे में पटना का न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

क्यों बढ़ रहा है कोहरा

उत्तर भारत में ठंडी हवाओं, नमी और स्थिर वातावरण के कारण बिहार में घने कोहरे की स्थिति बनी हुई है। अगले कुछ दिनों तक सुबह और शाम को कोहरे का असर बने रहने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।