Bihar weather: गर्मी हुई बेलगाम, बिहार में उमस का कहर, पटना में हुई बारिश, कई जिलों में आंधी-तूफान और वज्रपात का अलर्ट

Bihar weather: पटना समेत बिहार के कई हिस्सों में मानसून के मौसम के बावजूद गर्मी और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

Bihar weather
गर्मी हुई बेलगाम- फोटो : social Media

Bihar weather:  पटना समेत बिहार के कई हिस्सों में मानसून के मौसम के बावजूद गर्मी और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। आज सुबह यानी सोमवार की अहले सुबह राजधानी पटना में हल्की बारिश जरूर हुई, लेकिन इससे राहत ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सकी। दिन चढ़ने के साथ ही उमस ने अपने तल्ख तेवर दिखाने शुरू कर दिए, जिससे आमजन बेहाल नजर आए।

मौसम विभाग के मुताबिक किशनगंज, मधेपुरा, पूर्णिया, सहरसा, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, मेघ गर्जन, बिजली चमकने और वज्रपात की आशंका है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है।

दूसरी ओर दक्षिण बिहार में सूरज की तपिश लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। रविवार को पटना, गया, छपरा, डेहरी, बक्सर, औरंगाबाद और भभुआ सहित सात जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। भभुआ 41.6 डिग्री के साथ राज्य का सबसे गर्म जिला रहा। पटना में पारा 40.9 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि कई शहरों में तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखी गई।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पुरवा हवा का नियमित और मजबूत प्रवाह नहीं बनने से मानसून की रफ्तार सुस्त पड़ गई है। पूर्णिया और किशनगंज से आगे बढ़ने के बाद मानसून पिछले करीब दस दिनों से मुजफ्फरपुर के आसपास ठहरा हुआ है। पटना, गया और दक्षिण-पश्चिम बिहार के कई इलाकों में इसके पहुंचने में लगभग एक सप्ताह की देरी हो चुकी है।

हालांकि सीमांचल के कुछ क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बनी हुई है, लेकिन राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की कमी से गर्मी और उमस का सितम जारी है। इस बीच अररिया, कटिहार, सीतामढ़ी और सुपौल में भारी बारिश, आंधी-तूफान और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है, जिससे मौसम का मिजाज अगले 24 घंटे में अचानक बदल सकता है।