Bihar Weather:बिहार में आसमान से बरस रही आग! जिलों में जानलेवा गर्मी का रेड अलर्ट जारी,12 से 4 बजे तक घर से निकलना खतरनाक,पटना समेत 27 जिलों को राहत

Bihar Weather:बिहार इस वक्त भीषण गर्मी और तपिश के ऐसे दौर से गुजर रहा है, जहां सूरज आग उगलता नजर आ रहा है। ...

Bihar weather Heatwave Alert Red Warning Issued in 5 Distric
बिहार में आसमान से बरस रही आग!- फोटो : X

Bihar Weather:बिहार इस वक्त भीषण गर्मी और तपिश के ऐसे दौर से गुजर रहा है, जहां सूरज आग उगलता नजर आ रहा है। राजधानी पटना समेत सूबे के कई जिले झुलसा देने वाली गर्म हवाओं और लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार को दक्षिण-पश्चिम बिहार के पांच जिलों  भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद   में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम वैज्ञानिकों ने साफ चेतावनी दी है कि हालात बेहद संगीन और जानलेवा साबित हो सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज पटना वासियों को गर्मी से हल्की राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के मुताबिक इन जिलों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंच सकता है। दोपहर के वक्त सड़कें तवे की तरह तप रही हैं और गर्म पछुआ हवाएं लोगों का जीना मुहाल कर रही हैं। आम जिंदगी पूरी तरह बेहाल नजर आ रही है। बाजारों में सन्नाटा पसरा है और लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं।

डॉक्टरों ने भी लोगों को एहतियात बरतने की सख्त सलाह दी है। खास तौर पर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर निकलने से बचने को कहा गया है। इस दौरान हीट स्ट्रोक, तेज बुखार, उल्टी, चक्कर और बेहोशी जैसी परेशानियों का खतरा कई गुना बढ़ गया है। लोगों को ज्यादा से ज्यादा पानी, नींबू पानी, ORS और तरल पदार्थ लेने की हिदायत दी गई है।

हालांकि राजधानी पटना के लोगों को हल्की राहत मिलने के आसार हैं। शहर में आंशिक बादल छाने और कुछ इलाकों में बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। लेकिन पुरवा हवा के चलते उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करती रहेगी। पटना का अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री रहने का अनुमान है।

दूसरी तरफ मौसम विभाग ने सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, सुपौल, गया, नालंदा, भागलपुर, पूर्णिया और किशनगंज समेत 23 जिलों में मेघ गर्जन, तेज आंधी और हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।