Bihar weather: बिहार में गर्मी का कहर चरम पर, जून में हीट वेव से हाहाकार, पटना समेत 19 जिलों में रेड जोन जैसे हालात, , 48 घंटे बेहद भारी

Bihar weather: बिहार में एक बार फिर चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी का सितम लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है।

Bihar weather
पटना समेत 19 जिलों में रेड जोन जैसे हालात- फोटो : social Media

Bihar weather: बिहार में एक बार फिर चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी का सितम लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। मानसून की दस्तक के बावजूद सूबे के अधिकांश इलाकों में मौसम का मिज़ाज तल्ख बना हुआ है। उत्तर और पूर्व बिहार के कुछ जिलों को छोड़ दें तो बाकी प्रदेश उमस भरी गर्मी और झुलसा देने वाली धूप की गिरफ्त में है। हालात ऐसे हैं कि जून महीने में भी कई जिलों में लू जैसे हालात पैदा हो गए हैं।

राजधानी पटना की बात करें तो यहां अगले तीन दिनों तक राहत मिलने की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर में अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है। दिनभर तेज धूप और उमस लोगों को परेशान करेगी, जबकि रात में भी तापमान ऊंचा रहने से गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। आसमान में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना जरूर है, लेकिन बारिश के आसार बेहद कम हैं।

पटना, गया, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, नवादा, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सारण, सीवान, गोपालगंज, बेगूसराय, लखीसराय तथा शेखपुरा समेत 19 जिलों में लू और अत्यधिक गर्मी का अलर्ट जारी किया गया है। सुबह से ही तेज धूप और पछुआ हवाओं के गर्म थपेड़े लोगों को बेहाल कर रहे हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने शनिवार को राजधानी समेत राज्य के 19 जिलों के लिए हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 22 जून तक पश्चिम और मध्य बिहार के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के साथ ‘वॉर्म नाइट’ की स्थिति बनी रह सकती है। इस दौरान तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज होने की संभावना है।

हालांकि, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी बिहार के 11 जिलों के लिए राहत भरी खबर है। सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इससे इन इलाकों में तापमान नियंत्रण में रहने की उम्मीद है।