Bihar weather:​ जाते जाते गदर मचाएगा मानसून,बिहार के 14 जिलों के लिए भीषण बारिश और वज्रपात की चेतावनी, इन 21 जिलों के लिए येलो अलर्ट

Bihar weather: जाते जाते बिहार में मॉनसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। ...

Bihar Weather
भीषण बारिश और वज्रपात की चेतावनी- फोटो : reporter

Bihar weather:बिहार में मॉनसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार आज यानी 17 सितंबर को प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्वी बिहार के जिलों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने आम नागरिकों को तेज हवाओं और वज्रपात  से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है।

राज्य के दक्षिण-पूर्वी और दक्षिण-मध्य हिस्सों में मॉनसून का प्रभाव सबसे ज्यादा देखा जाएगा। विशेष रूप से जमुई, मुंगेर और नवादा जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में मूसलाधार बारिश के साथ बिजली गिरने की गंभीर आशंका बनी हुई है।

उत्तर-पश्चिम बिहार यानी  पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

उत्तर-मध्य बिहार यानी सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर में कुछ स्थानों पर बादलों की आवाजाही के साथ वर्षा के आसार हैं।

उत्तर-पूर्वी बिहार यानी सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है।

दक्षिण-मध्य बिहार यानी राजधानी पटना सहित गया, नालंदा, नवादा, जहानाबाद, शेखपुरा, बेगूसराय और लखीसराय में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

दक्षिण-पूर्वी बिहार के जिले यानी भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है।

मौसम के अचानक बदलते मिजाज को देखते हुए प्रशासन और मौसम विज्ञान केंद्र ने लोगों को सतर्क किया है। खेतों में काम कर रहे किसानों और बाहर घूम रहे लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान वे खुले मैदानों, जलजमाव वाले क्षेत्रों या बड़े पेड़ों के नीचे खड़े न हों। वज्रपात से बचने के लिए पक्के मकानों या सुरक्षित आश्रयों का उपयोग करें। तेज हवाओं के कारण कमजोर संरचनाओं, होर्डिंग्स और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखना बेहद आवश्यक है।