आसमान से आफत का अलर्ट, बिहार के 10 जिलों में होगी मूसलाधार बारिश, 18 जिलों में होगी झमाझम बारिश, घर से निकलने से पहले वज्रपात से रहें सावधान

Bihar Weather: बिहार में मौसम ने एक बार फिर खतरनाक तेवर अख़्तियार कर लिए हैं।...

Bihar weather
10 जिलों में होगी मूसलाधार बारिश- फोटो : reporter

Bihar Weather: बिहार में मौसम ने एक बार फिर खतरनाक तेवर अख़्तियार कर लिए हैं। मौसम विभाग ने आज यानी मंगलवार के लिए  10 ज़िलों में तेज़ बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि राजधानी पटना समेत 28 ज़िलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया गया है। सबसे ज़्यादा ख़तरा सीमांचल और मिथिलांचल के इलाक़ों पर मंडरा रहा है, जहां भारी बारिश, वज्रपात और तेज़ हवाओं का डबल अटैक देखने को मिल सकता है। विभाग ने लोगों से एहतियात बरतने और बेवजह घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, सुपौल और मधुबनी समेत उत्तर-पूर्वी बिहार के कई ज़िलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका है। इसके अलावा पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, मुज़फ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, सहरसा और मधेपुरा में भी तेज़ हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है। लोगों को खेतों, खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सख़्त सलाह दी गई है।

आज सबसे ज़्यादा खराब मौसम किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, सहरसा, मधुबनी, दरभंगा, पश्चिम चंपारण और पूर्वी चंपारण में रहने की संभावना है। इन इलाक़ों में जलभराव, सड़क यातायात प्रभावित होने और आकाशीय बिजली गिरने का गंभीर ख़तरा बना हुआ है। रक्सौल में बारिश के बाद भारत-नेपाल को जोड़ने वाली सड़क पर करीब दो फीट पानी भर गया, जबकि बगहा, समस्तीपुर और सीवान में भी झमाझम बारिश दर्ज की गई है।

उधर, मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल मानसून की रफ़्तार कुछ धीमी पड़ी है, लेकिन 15 जुलाई से बंगाल की खाड़ी से नमी बढ़ने के साथ मानसून फिर सक्रिय होगा। 15 से 19 जुलाई के बीच उत्तर और पश्चिमी बिहार के कई ज़िलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में मौसम विभाग ने साफ़ कहा है कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और ख़राब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से परहेज़ करें।