Bihar Weather: बिहार में आंधी के साथ मूसलाधार बारिश,पटना से लेकर बक्सर तक 19 जिलों में मौसम का दिखेगा रौद्र रुप,जमकर बरसेंगे बदरा, कोसी बराज पर हाई अलर्ट

Bihar Weather:बिहार में मानसून की विदाई का वक्त करीब आने के बावजूद बारिश ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है।

Bihar weather
बिहार में आंधी के साथ मूसलाधार बारिश- फोटो : Hiresh Kumar

Bihar Weather:बिहार में मानसून की विदाई का वक्त करीब आने के बावजूद बारिश ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। राज्य के कई इलाकों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, एक साथ कई मौसमी सिस्टम सक्रिय होने की वजह से वातावरण में नमी बढ़ गई है और वायुमंडलीय अस्थिरता बनी हुई है। इसी के चलते आने वाले दिनों में भी बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है, लेकिन बिहार से इसकी मुकम्मल विदाई में अभी कुछ वक्त लग सकता है। इसी बीच आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके में बना डीप डिप्रेशन उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। वहीं ऊपरी वायुमंडल में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस भी सक्रिय है। इन मौसमी सिस्टम के असर से बिहार में बादलों की आवाजाही और बारिश की गतिविधियां बढ़ गई हैं।

मौसम विभाग ने आज राज्य के 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। पटना, नालंदा, गया, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय और बेगूसराय के अलावा पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद और जहानाबाद में बारिश के साथ मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं की आशंका जताई गई है। विभाग ने लोगों से मौसम खराब होने के दौरान एहतियात बरतने की अपील की है।

इधर, नेपाल और सुपौल के कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। बारिश के मद्देनजर कोसी बराज पर हाई अलर्ट घोषित किया गया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क करने के लिए प्रशासन की ओर से माइकिंग कराई जा रही है। लोगों को नदी और जलजमाव वाले इलाकों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

राजधानी पटना समेत करीब 11 जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। पटना में आज आसमान में बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश होने का अनुमान है। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से फौरी राहत मिलेगी, हालांकि बारिश थमने के बाद उमस दोबारा बढ़ सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।