मौसम विभाग की चेतावनी,बिहार के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का ख़तरा, पटना-गया में भी बदलेगा मिज़ाज, घर से निकलने से पहले सावधान

Bihar Weather
मौसम विभाग की चेतावनी- फोटो : Social media

Bihar  weather:मौसम विभाग ने मंगलवार को बिहार के कई इलाक़ों में ज़ोरदार और भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा 12 से 15 अगस्त के बीच भी राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश का सिलसिला जारी रहने की बात की गई है। इस दौरान लोगों को चौकस रहने और मुमकिन हो तो गैर-ज़रूरी सफ़र से बचने की सलाह दी गई है।

कुदरत के इस बदले मिज़ाज का सबसे ज़्यादा असर पूर्वी बिहार में देखने को मिल सकता है। भागलपुर, बांका, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, सहरसा, मधेपुरा और सुपौल ज़िलों में महकमे ने तेज़ बारिश का अंदेशा जताया है। इन इलाक़ों में नदी-नालों के उफ़ान पर आने और निचले हिस्सों में पानी भरने का ख़तरा बना हुआ है, जिससे आम ज़िंदगी कष्टकारी हो सकती है।

दूसरी तरफ़, पश्चिमी बिहार के ज़िलों में मौसम का रुख़ अलग रहने की उम्मीद है। कैमूर, रोहतास, बक्सर, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण और छपरा में आंधी-तूफान और गर्ज-चमक के साथ तेज़ हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम खराब होने की वजह से ख़ासकर किसानों को अपनी फसलों और मवेशियों की सुरक्षा के लिए सावधानी बरतने को कहा गया है।

सूबे की राजधानी पटना और गया जी में भी मौसम सुहाना और नम रहने का इमकान है। पटना में आज ज़्यादा से ज़्यादा तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और कम से कम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं गया में बारिश के पूरे आसार हैं, जहाँ अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। लगातार बारिश और आंधी की इस चेतावनी के बाद प्रशासन भी अलर्ट मोड़ पर है।