Bihar Weather: तिरंगे की शान के बीच मौसम का तांडव, बिहार के 18 जिलों में तूफान-बारिश का अलर्ट, मोतिहारी-छपरा समेत 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
Bihar Weather: स्वतंत्रता दिवस के जश्न पर बिहार के मौसम ने भी अपना मिजाज तल्ख कर लिया है। ...
Bihar Weather: स्वतंत्रता दिवस के जश्न पर बिहार के मौसम ने भी अपना मिजाज तल्ख कर लिया है। शनिवार 15 अगस्त को राज्य के 18 जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात की आशंका ने प्रशासन और आम लोगों की फिक्र बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने उत्तर बिहार के पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 13 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। यानी आसमान से आफत बरसने का खतरा कई इलाकों में मंडरा रहा है
।मोतिहारी, बेतिया, गोपालगंज, सीवान और छपरा में मौसम का मिजाज ज्यादा बिगड़ सकता है। इन जिलों के अधिकांश हिस्सों में तेज हवा के साथ झमाझम बारिश और मेघगर्जन की संभावना जताई गई है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। ऐसे में खुले मैदानों और असुरक्षित जगहों पर मौजूद लोगों के लिए खतरा बढ़ सकता है।
इसके अलावा औरंगाबाद, कैमूर, बक्सर, भोजपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर और मुजफ्फरपुर में येलो अलर्ट जारी है। इन जिलों में भी आंधी, बारिश और ठनका गिरने की आशंका बनी हुई है।
राजधानी पटना में भी आसमान पर बादलों का डेरा रहेगा। सुबह बारिश की संभावना कम है, जिससे स्वतंत्रता दिवस समारोह के प्रभावित होने की आशंका फिलहाल कम नजर आ रही है। हालांकि दोपहर बाद तेज हवा, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश लोगों की मुश्किल बढ़ा सकती है। बारिश नहीं हुई तो उमस भरी गर्मी बेहाल कर सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में बिहार में भारी बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में मॉनसूनी गतिविधियां तेज रहेंगी। मौसम खराब होने पर लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा पक्के मकान में पनाह लेने की हिदायत दी गई है। स्वतंत्रता दिवस के उल्लास के बीच सावधानी ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है।