बिहार में ठंड ने तोड़े रिकॉर्ड, कोहरे की चादर में ढँका राज्य, उत्तरी हवाओं के अटैक से गिरने लगा तापमान, 11 जिलों के लिए अलर्ट
Bihar Weather: बिहार में कड़ाके की ठंड ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित करना शुरु कर दिया है।..
Bihar Weather: बिहार में कड़ाके की ठंड ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित करना शुरु कर दिया है। अधिकांश जिलों में सुबह से ही घना कोहरा छाने लगा है, जिसके चलते विज़िबिलिटी बेहद कम हो गई है। कई इलाकों में वाहन दिन के उजाले में भी हेडलाइट जलाकर रेंगते हुए चलते नज़र आए। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में ठंड और कोहरा दोनों की तीव्रता में बढ़ोतरी की संभावना है।
दिसंबर में ठंड ने इस बार पिछले कई वर्षों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। कई जिलों का न्यूनतम तापमान लगातार 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है, जबकि रात में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जा रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चलेगी, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज होगी।
पटना, पूर्णिया, किशनगंज सहित कई जिलों में शीतलहर की संभावना जताई गई है। वहीं गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, अरवल, जहानाबाद, पटना, गया, नालंदा और नवादा में ठंड का विशेष प्रभाव देखने को मिलेगा, जहां न्यूनतम तापमान 5-10 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
मुजफ्फरपुर में ठंड ने दस्तक देते ही हालात और बिगड़ गए हैं। पूरा शहर घने कोहरे की चपेट में आ गया है।कोहरे ने सड़कों पर चल रही गाड़ियों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। दिन में भी लाइट जलाकर धीरे-धीरे चलते वाहन नजर आए।
इसके अलावा, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, गोपालगंज, सारण, सिवान और मधुबनी में हल्के से मध्यम स्तर तक कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने साफ कहा है कि आगामी 48 घंटे बिहार के लिए बेहद ठंडे और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।
राज्य भर में ठंड की मार बढ़ने से लोगों को सुबह-शाम की दिनचर्या में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषज्ञों की मानें तो अभी ठंड का असली दौर बाकी है, आने वाले दिनों में तापमान और गिर सकता है।