Bihar Weather : महाशिवरात्रि पर कैसा रहेगा बिहार का मौसम, तेज धूप ने बढ़ाई गरमाहट, सुबह-शाम कनकनी जारी

Bihar Weather : रविवार को पटना, गया, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया और गोपालगंज समेत पूरे बिहार में मौसम साफ और खुशनुमा रहने का अनुमान है। दिनभर तेज धूप खिली रहेगी, जिससे दोपहर में हल्की गर्माहट महसूस होगी।

बिहार मौसम
कैसा रहेगा आज का मौसम - फोटो : AI Image

Bihar Weather :  बिहार में इन दिनों मौसम काफी सुहावना बना हुआ है। दिन में तेज धूप खिलने से हल्की गर्माहट महसूस हो रही है, जबकि सुबह और शाम के समय ठंडक का असर अब भी कायम है।  आज महाशिवरात्रि के दिन भी मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 16 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना है, हालांकि इसका प्रभाव राज्य पर बहुत सीमित रहने की उम्मीद है। हवा की दिशा में बदलाव के कारण तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है।

आगे भी ऐसे ही रहेगा मौसम 

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी यही स्थिति बनी रह सकती है। दिन में हल्की गर्मी और सुबह-शाम ठंड का असर जारी रहेगा। फिलहाल न तो अधिक ठंड परेशान कर रही है और न ही गर्मी। साथ ही कोहरा और बारिश की गतिविधियां लगभग समाप्त हो चुकी हैं। शाम के समय चलने वाली पछुआ हवा ठंडक को थोड़ा बढ़ा सकती है। कोहरे की संभावना काफी कम है, जिससे दृश्यता साफ रहेगी।

आज का मौसम

रविवार को पटना, गया, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया और गोपालगंज समेत पूरे बिहार में मौसम साफ और खुशनुमा रहने का अनुमान है। दिनभर तेज धूप खिली रहेगी, जिससे दोपहर में हल्की गर्माहट महसूस होगी। हालांकि पछुआ हवा के कारण सुबह और शाम ठंड बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, आज अधिकतम तापमान 25 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 8 से 15 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। 

शेखपुरा सबसे ठंडा जिला

राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.0°C शेखपुरा में दर्ज किया गया, जो दक्षिण-मध्य क्षेत्रों में ठंड के प्रभाव को दर्शाता है। इसके अलावा जीरादेई में 10°C, वैशाली में 10.5°C, पटना में 14.2°C, मुजफ्फरपुर में 14.5°C, गया में 11.2°C, भागलपुर में 11.6°C और पूर्णिया में 12.5°C न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। नालंदा, शेखपुरा और बांका में पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में सबसे अधिक 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी गई।