Patna CBI: नीट छात्रा मर्डर मिस्ट्री में CBI की एंट्री, शंभू गर्ल्स हॉस्टल से 4 बोरा सबूत जब्त
Patna CBI: बिहार के चर्चित नीट छात्रा हत्याकांड में अब तफ्तीश का रुख पूरी तरह बदल गया है। ...
Patna CBI: बिहार के चर्चित नीट छात्रा हत्याकांड में अब तफ्तीश का रुख पूरी तरह बदल गया है। सूबे की सियासत और पुलिसिया जांच पर उठते सवालों के बीच केंद्रीय एजेंसी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने केस अपने हाथ में लेते ही कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को CBI की टीम पटना स्थित शंभू गर्ल्स हॉस्टल पहुंची और करीब तीन घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया। जिस कमरे में जहानाबाद की रहने वाली छात्रा ठहरी थी, वहां की बारीकी से छानबीन की गई। देर रात एजेंसी की टीम चार बोरा सामान अपने साथ लेकर बाहर निकली, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि छात्रा 6 जनवरी को हॉस्टल में संदिग्ध हालात में बेहोश मिली थी। पांच दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उसने दम तोड़ दिया। शुरुआती दौर में स्थानीय पुलिस इसे खुदकुशी का मामला बताती रही, मगर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न की पुष्टि ने पूरे केस की तस्वीर बदल दी। परिजनों ने साफ तौर पर रेप के बाद हत्या का इल्जाम लगाया और आरोप लगाया कि मामला दबाने की कोशिश की जा रही थी।
इससे पहले पुलिस ने हॉस्टल के एक कर्मचारी को गिरफ्तार कर एसआईटी गठित की थी। जांच के दौरान छात्रा के अंडरगारमेंट्स में स्पर्म मिलने की बात सामने आई, जिसके मिलान के लिए कई लोगों के डीएनए सैंपल लिए गए। इस प्रक्रिया में कुछ रिश्तेदारों के सैंपल लिए जाने पर भी सवाल उठे। एसआईटी ने छात्रा को नाबालिग मानते हुए पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ीं, लेकिन केस का खुलासा नहीं हो सका।
अब CBI ने नए सिरे से मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एजेंसी न सिर्फ हॉस्टल, बल्कि उन अस्पतालों की कड़ियां भी जोड़ रही है, जहां छात्रा का इलाज हुआ था। पहले उसे सहज अस्पताल फिर प्रभात मेमोरियल हॉस्पिटल ले जाया गया, फिर 10 जनवरी को मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जहां उसकी मौत हो गई। CBI की टीम सभी डॉक्टरों और मेडिकल रिकॉर्ड्स की पड़ताल करेगी।
यह मामला अब महज एक आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि सिस्टम की नाकामी और इंसाफ की जंग बन चुका है। सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या CBI की तफ्तीश इस रहस्यमयी मौत के पीछे छिपे सच को बेनकाब कर पाएगी।