Patna Metro: मार्च में पटना को मिलेगी मेट्रो की रफ्तार,भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक इस दिन से दौड़ेगी मेट्रो

Patna Metro: पटना शहर की लाइफलाइन बनने जा रही पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने प्रायोरिटी कॉरिडोर को लेकर बड़ी खुशखबरी दी है।

Patna Metro to Run from Bhootnath to Malahi in March
मार्च में पटना को मिलेगी मेट्रो की रफ्तार- फोटो : social Media

Patna Metro: राजधानी पटना की सियासत में विकास की नई पटकथा लिखी जा रही है। शहर की लाइफलाइन बनने जा रही पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने प्रायोरिटी कॉरिडोर को लेकर बड़ी खुशखबरी दी है। अगर सब कुछ मंसूबों के मुताबिक रहा, तो मार्च के दूसरे हफ्ते से भूतनाथ स्टेशन से मलाही पकड़ी के बीच मेट्रो की रफ्तार जनता को नई राहत देगी। इसे सरकार की बड़ी उपलब्धि के तौर पर पेश किया जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक इस सेक्शन का निर्माण कार्य लगभग मुकम्मल हो चुका है और अब अंतिम औपचारिकताएं तेजी से पूरी की जा रही हैं। शनिवार को भारत सरकार के इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर जनरल ने ट्रैक्शन सिस्टम, ओवरहेड इक्विपमेंट और बिजली आपूर्ति तंत्र का बारीकी से मुआयना किया। निरीक्षण में व्यवस्था को सुरक्षित और परिचालन योग्य पाया गया, हालांकि कुछ मामूली सुधार तत्काल करने के निर्देश भी दिए गए।

अब निगाहें कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेलवे सेफ्टी  की अंतिम जांच पर टिकी हैं। 25 फरवरी के आसपास उनकी टीम पटना पहुंचकर व्यापक सुरक्षा परीक्षण करेगी। उनकी हरी झंडी मिलते ही उद्घाटन की तारीख का ऐलान किया जाएगा। PMRC के अफसरों का दावा है कि तकनीकी परीक्षण युद्धस्तर पर चल रहे हैं, ताकि मार्च में सेवा शुरू करने का लक्ष्य हर हाल में हासिल हो।

हालांकि इस विस्तार में एक पेच भी है। मलाही पकड़ी तक ट्रेनें चलेंगी, लेकिन बीच में पड़ने वाला खेमनीचक स्टेशन फिलहाल तैयार नहीं है। जमीन अधिग्रहण और तकनीकी कारणों से निर्माण कार्य अधूरा है। अधिकारियों का कहना है कि इसे पूरी तरह चालू होने में तीन से चार महीने और लग सकते हैं। तब तक ट्रेनें इस स्टेशन से बिना रुके गुजरेंगी।

बता दें कि आईएसबीटी से भूतनाथ तक पहले ही ट्रायल रन सफल रहा है। सियासी हलकों में इसे चुनावी साल में सरकार की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह विस्तार सिर्फ दूरी नहीं घटाएगा, बल्कि पटना के सार्वजनिक परिवहन के भविष्य को नई दिशा और नई रफ्तार देगा।