Bihar Weather: सावधान बिहार! तेज आंधी और मूसलाधार बारिश, 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी, 4 डिग्री सेंटीग्रेड तक गिरेगा पारा

Bihar Weather: बिहार के 12 जिलों के लिए आंधी और भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक इन इलाकों में हालात बेहद खराब हो सकते हैं।

Bihar weather Orange Alert Storm
तेज आंधी और मूसलाधार बारिश- फोटो : social Media

Bihar Weather: बिहार में मानसून अब पूरी तरह एक्टिव होता दिखाई दे रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी शनिवार को राज्य के 12 जिलों के लिए आंधी और भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक इन इलाकों में हालात बेहद खराब हो सकते हैं। 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने के साथ मूसलाधार बारिश की आशंका जताई गई है।

ऑरेंज अलर्ट जिन जिलों के लिए जारी किया गया है उनमें सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई शामिल हैं। इन जिलों के लोगों को एहतियात बरतने, बेवजह घरों से बाहर नहीं निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

वहीं राजधानी पटना में भी मौसम खुशनुमा रहने के आसार हैं। दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। तेज़ हवाओं और बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अन्य 26 जिलों में सुबह धूप निकल सकती है, लेकिन अगले दो-तीन दिनों में पूरे बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा। पिछले 24 घंटों के दौरान सीतामढ़ी, बगहा, समस्तीपुर, सीवान, गोपालगंज, भागलपुर और पटना के कुछ इलाकों में बारिश दर्ज की गई।मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 29 जून तक अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हो सकती है। सीमांचल, कोसी और पूर्वी बिहार के जिलों में मानसून का असर सबसे ज़्यादा देखने को मिलेगा। जून के आखिर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी से लेकर भारी बारिश होने की पूरी संभावना है।