Bihar Weather News:पटना समेत बिहार में मेहरबान मानसून, सावधान! 27 जिलों में बारिश वज्रपात और तेज हवाओं का हाई अलर्ट, जानिए अपने जिला के मौसम का हाल
Bihar Weather News: बिहार में मानसून अब पूरी तरह मेहरबान हो चुका है। आसमान पर घने बादलों का कब्जा है और मौसम ने ऐसा करवट बदला है कि भीषण गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है.....
Bihar Weather News: बिहार में मानसून अब पूरी तरह मेहरबान हो चुका है। आसमान पर घने बादलों का कब्जा है और मौसम ने ऐसा करवट बदला है कि भीषण गर्मी से परेशान लोगों को राहत जरूर मिली है, लेकिन साथ ही वज्रपात, तेज आंधी और मूसलाधार बारिश का खतरा भी मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के 27 जिलों के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। इनमें 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 8 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि कई इलाकों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
राजधानी पटना में अहले सुबह से ही बारिश ने दस्तक दे दी है। वहीं मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, वैशाली, दरभंगा और उत्तर बिहार के कई जिलों में बादलों की आवाजाही लगातार बनी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के 32 जिलों के 385 प्रखंडों में हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका है। पश्चिम और पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, पटना, गया, नालंदा, बेगूसराय, लखीसराय, भोजपुर और रोहतास समेत 19 जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, अररिया और किशनगंज येलो अलर्ट की जद में हैं।
मौसम के इस बदले मिजाज से किसानों के चेहरे जरूर खिल उठे हैं, क्योंकि धान की बुआई को रफ्तार मिली है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है। उनका कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवाएं और सक्रिय मानसून ट्रफ की वजह से अगले 24 से 48 घंटे तक यही हालात बने रह सकते हैं।
विभाग ने खास तौर पर वज्रपात के दौरान पेड़ों के नीचे या खुले मैदान में न रुकने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की नसीहत दी है। बारिश से तापमान में गिरावट आएगी, लेकिन उमस से फिलहाल पूरी राहत मिलने के आसार नहीं हैं।