Bihar Weather: बिहार में बदला मौसम का मिजाज, अगले 5 दिनों के बाद गर्मी से हाल होगा बेहाल, जानिए अपने शहर का हाल

Bihar Weather: बिहार में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। अगले 5 दिनों में तापमान बढ़ेगा। लोगों का गर्मी से हाल बेहाल हो सकता है। आने वाले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

बिहार मौसम
अगले पांच दिनों में बढ़ेगा पारा - फोटो : AI Image

Bihar Weather:  बिहार के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह शाम में ठंड का असर देखने को मिल रहा है। हालांकि तेज धूप निकलने के बाद गरमाहट महसूस हो रही है। रात और दिन के तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 2 दिनों के लिए मौसम सामान्य रहेगा। राज्य के अधिकांश भागों में आंशिक रुप से धुप छाए रहने के साथ शुष्क मौसम की स्थिति बनी रह सकती है। 

इन जिलों में हल्की ठंड 

राजधानी पटना समेत गया, मुजफ्फरपुर और आसपास के जिलों में सुबह हल्की ठंडक बनी हुई है, लेकिन दोपहर की धूप अब तेज और चुभन भरी हो गई है। दिन में लोगों ने हल्के कपड़े पहनना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग  के अनुसार पछुआ हवाओं की रफ्तार में कमी और आसमान साफ रहने के कारण धूप की तीव्रता बढ़ रही है। अनुमान है कि अगले एक सप्ताह में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान भी धीरे-धीरे ऊपर चढ़ेगा, जिससे रातें पहले की तुलना में कम ठंडी होंगी।

फरवरी के अंतिम सप्ताह से बदलेगा मौसम

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फरवरी के आखिरी सप्ताह से राज्य में ठंड का असर काफी हद तक कम हो जाएगा। मार्च की शुरुआत तक कई जिलों में पारा 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना है। फिलहाल कुछ दिनों तक तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। आईएमडी के मुताबिक 22 फरवरी तक मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है। घने कोहरे से भी फिलहाल राहत मिली है

कई जिलों में तापमान 30 डिग्री के करीब

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस कैमूर में दर्ज किया गया। इसके अलावा डेहरी और मोतिहारी में करीब 28 डिग्री, सुपौल में 28.6 डिग्री तथा राजगीर और शेखपुरा में लगभग 27.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले 24 घंटे में 0.5 डिग्री बढ़ा है। वहीं गया में 26.8, भागलपुर में 26.7, पूर्णिया में 27.3 और किशनगंज में 27.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। हालांकि बक्सर में 0.9 डिग्री और गया में 0.4 डिग्री की मामूली गिरावट भी दर्ज की गई।