Bihar Weather: बिहार में आंधी-बारिश का कहर जारी,19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, पटना में उमस से बेहाल होंगे लोग

Bihar Weather: एक तरफ भीषण गर्मी और उमस से लोग बेहाल हैं, तो दूसरी तरफ अचानक हो रही बारिश, तेज हवा और वज्रपात ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।...

Bihar Weather Rain and Heat Trigge
बिहार में आंधी-बारिश का कहर जारी- फोटो : social Media

Bihar Weather: बिहार में इन दिनों मौसम का दोहरा मिजाज लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। एक तरफ भीषण गर्मी और उमस से लोग बेहाल हैं, तो दूसरी तरफ अचानक हो रही बारिश, तेज हवा और वज्रपात ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और वातावरण में बन रहे दबाव की वजह से पूरे राज्य के मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है।

राजधानी पटना समेत दक्षिण बिहार के जिलों में दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है, जबकि उत्तर बिहार और सीमांचल के इलाकों में बारिश और तेज हवा की गतिविधियां ज्यादा सक्रिय बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने बुधवार को भी पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना जताते हुए 19 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले पांच दिनों तक राज्य में बारिश और तेज हवा का सिलसिला जारी रह सकता है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के कारण तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, लेकिन अगर बारिश कमजोर पड़ी तो उमस और गर्मी का असर और बढ़ सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों ने अगले 48 से 72 घंटों तक मौसम को अस्थिर बताया है। दिन में तेज धूप और चिलचिलाती गर्मी के बाद शाम होते-होते अचानक मौसम बदल सकता है। कई जिलों में आंधी और वज्रपात की आशंका भी जताई गई है।

कटिहार में रातभर मूसलाधार बारिश होती रही, जिससे कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं गयाजी, जहानाबाद और बांका समेत कई जिलों में बीते 24 घंटे के दौरान तेज बारिश दर्ज की गई। दूसरी ओर कैमूर का तापमान फिर 41 डिग्री के करीब पहुंच गया, जिससे गर्म हवाओं और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं।

कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि खेतों में रखी फसल और कृषि उपकरणों को सुरक्षित स्थानों पर रखें। वहीं आम लोगों से अपील की गई है कि तेज हवा, बारिश और बिजली कड़कने के दौरान घरों के भीतर रहें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।