Bihar Blackout Drill: पटना समेत 6 जिलों में सायरन बजते ही होगा ब्लैकआउट, 15 मिनट रहेगा अंधेरा, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट, जानिए क्यों लिया गया फैसला
Bihar Blackout Drill: पटना समेत कई जिलों में आज यानी 14 मई की शाम कुछ देर के लिए अंधेरा छाने वाला है।....
Bihar Blackout Drill: पटना समेत कई जिलों में आज यानी 14 मई की शाम कुछ देर के लिए अंधेरा छाने वाला है। राजधानी पटना समेत बेगूसराय, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल के तहत ब्लैकआउट अभ्यास कराया जाएगा। इस दौरान सायरन बजते ही लोगों को अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों की लाइट बंद करनी होगी। जिला प्रशासन के मुताबिक यह विशेष अभ्यास शाम 7 बजे से 7 बजकर 15 मिनट तक चलेगा। पूरे 15 मिनट तक कई इलाकों में ब्लैकआउट जैसा माहौल बनाया जाएगा ताकि आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखा जा सके। प्रशासन ने साफ किया है कि यह किसी खतरे या हमले की वास्तविक स्थिति नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किया जा रहा अभ्यास है।
दरअसल, इस मॉक ड्रिल का मकसद लोगों को हवाई हमले, बड़े हादसे या किसी आपदा जैसी स्थिति में सतर्क रहने और खुद को सुरक्षित रखने के तौर-तरीकों से अवगत कराना है। सायरन बजते ही नागरिकों को ब्लैकआउट नियमों का पालन करना होगा ताकि इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम की जांच की जा सके।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि निर्धारित समय पर घबराएं नहीं और अफवाहों पर ध्यान न दें। जैसे ही सायरन बजे, लोग तुरंत अपने घरों और दुकानों की लाइट बंद कर दें। इस दौरान सड़क और मोहल्लों में सुरक्षा एजेंसियों की गतिविधियां भी तेज दिखाई दे सकती हैं।
अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभ्यास भविष्य में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बेहद जरूरी हैं। इससे प्रशासनिक टीमों के साथ-साथ आम लोगों की तैयारी और प्रतिक्रिया क्षमता का भी परीक्षण हो सकेगा। बिहार के संवेदनशील जिलों में पहली बार इतने बड़े स्तर पर ब्लैकआउट और सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल को लेकर लोगों में उत्सुकता भी देखी जा रही है।
रिपोर्ट- धीरेंद्र कुमार