Bihar Weather:बिहार में मानसून का जोरदार अटैक, 30 जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट, 4 जिलों में मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी

Bihar Weather: बिहार मौसम सेवा केंद्र ने राज्य के 30 जिलों के लिए आंधी, तूफान और बारिश का अलर्ट जारी करते हुए लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

Bihar Weather
बिहार में मानसून का जोरदार अटैक- फोटो : reporter

Bihar Weather: बिहार में मानसून अब पूरी तरह मेहरबान हो गया है। प्रदेशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल गया है और कई इलाकों में बारिश, तेज हवाओं तथा गरज-चमक का दौर शुरू हो चुका है। बिहार मौसम सेवा केंद्र ने आज यानी गुरुवार को राज्य के 30 जिलों के लिए आंधी, तूफान और बारिश का अलर्ट जारी करते हुए लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ घंटों में कई इलाकों में तेज बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाएं जनजीवन को प्रभावित कर सकती हैं।

दूसरी ओर राजधानी पटना समेत जहानाबाद, नालंदा, नवादा, गया, बेगूसराय, लखीसराय और शेखपुरा में फिलहाल भारी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। हालांकि इन जिलों में आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की फुहारें पड़ सकती हैं।

बिहार मौसम सेवा केंद्र  ने उत्तर और पश्चिम बिहार के चार जिलों पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने और करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका भी व्यक्त की गई है। प्रशासन ने इन क्षेत्रों के लोगों को अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है।

वहीं राज्य के 26 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया, भागलपुर, जमुई, मुंगेर, बांका, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल और औरंगाबाद शामिल हैं। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है।

बिहार मौसम सेवा केंद्र  ने विशेष रूप से आकाशीय बिजली को लेकर एडवाइजरी जारी की है। लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेत, नदी किनारे या पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें। बारिश और बिजली चमकने के दौरान पक्के मकानों के भीतर रहना सबसे सुरक्षित उपाय माना गया है। किसानों, पशुपालकों और खुले क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को मौसम सामान्य होने तक अतिरिक्त एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। मानसून के सक्रिय होने से जहां एक ओर भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर तेज बारिश, आंधी और वज्रपात को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह अलर्ट मोड में है। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का अनुपालन करें।