Bihar Weather: बिहार में बदला मौसम का मिजाज, 25 जिलों में येलो अलर्ट, गरज-चमक और तेज हवा से रहें होशियार
Bihar Weather: बिहार में बुधवार, 16 सितंबर को मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। सूबे के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।...
Bihar Weather: बिहार में बुधवार, 16 सितंबर को मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। सूबे के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग ने 25 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को गरज-चमक और वज्रपात के दौरान एहतियात बरतने की हिदायत दी है। इस दौरान कुछ इलाकों में तेज हवा चलने की भी संभावना है, जिसकी रफ्तार करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद, शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार में बारिश के साथ गर्जन-वज्रपात की आशंका है। लिहाजा खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
वहीं पटना समेत राज्य के 14 जिलों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने का अनुमान है। हालांकि आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों के दौरान बिहार के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा फेरबदल नहीं होगा। अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान भी लगभग स्थिर रहने की संभावना है।
17 सितंबर को राज्य के कुछ इलाकों में बारिश की रफ्तार बढ़ सकती है। पटना में दिनभर बादल छाए रहने और मध्यम बारिश के आसार हैं। नालंदा में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि दरभंगा समेत उत्तर बिहार के कई इलाकों में बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश की संभावना है।
18 सितंबर को पटना समेत कुछ जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है। पटना में एक-दो दौर की बौछारें पड़ने का अनुमान है। नालंदा में गरज के साथ बारिश, जबकि उत्तर बिहार के कई जिलों में बादल और कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार हैं।