Bihar Crime: नानी घर से लौट रहे युवक को बदमाशों ने मारी गोली, हालत गंभीर

Bihar Crime: अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक युवक को पीछे से गोली मार दी।...

Nawada Shooting
युवक को बदमाशों ने मारी गोली- फोटो : reporter

Bihar Crime: नवादा में अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक युवक को पीछे से गोली मार दी। युवक नानी घर में प्रसाद पहुंचाकर वापस लौट रहा था, तभी पकरीबरामा-वारसलीगंज रोड पर बदमाशों ने उसे निशाना बना लिया। गोली युवक के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

घायल युवक की पहचान वारसलीगंज ब्लॉक निवासी मुकेश कुमार के तौर पर हुई है। गोली लगने से उसके पैर की हड्डी टूट गई और गोली हड्डी में ही फंसी रह गई। स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में मुकेश को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक जांच और एक्स-रे के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया।

इधर, घायल के परिजनों ने सदर अस्पताल की व्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर की। परिवार का आरोप था कि गोली लगने के बाद भी काफी देर तक मरीज को देखने कोई नहीं आया, जिससे उसकी हालत बिगड़ती गई। बाद में डॉक्टरों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उसे रेफर कर दिया।

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी है। मंगलवार रात थाना प्रभारी रंजन चौधरी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और मामले की विस्तार से जांच की जा रही है। पुलिस घायल युवक से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि वह किस रास्ते से लौट रहा था और वारदात के पीछे क्या वजह थी।परिजनों का कहना है कि मुकेश की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। ऐसे में पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर बदमाशों ने उसे क्यों निशाना बनाया। पुलिस हमलावरों की पहचान और गोलीबारी की वजह का पता लगाने में जुटी है।

रिपोर्ट- अमन कुमार