Bihar Weather: अगले 2 दिन घर में ही रहे बंद! बिहार में मौसम विभाग का 'भयानक' चेतावनी, 72 घंटे के लिए अलर्ट जारी

Bihar Weather: बिहार में कड़ाके की ठंड से फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद कम है। अगले 72 घंटे के लिए मौसम विभाग ने सख्त चेतावनी जारी की है। कड़ाके की ठंड और कोहरे के लिए अलर्ट जारी किया गया है।

ठंड
अगले 72 घंटे के लिए रहे सावधान - फोटो : News4nation

Bihar Weather: बिहार में नए साल में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। फिलहाल ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने अगले 72 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया है। लोगों से सावधान रहने की भी अपील की है। अति आवश्यक हो तभी घर से बाहर निकलें, नहीं तो बाहर निकलने से बचे। मौसम विभाग अलर्ट 5 और 6 जनवरी के लिए जारी किया है। कड़ाक की ठंड और घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।  

मौसम विभाग की चेतावनी 

मौसम विभाग की मानें तो बिहार में एक बार फिर भीषण ठंड और शीतलहर की स्थिति बनने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार सुबह और रात के समय दृश्यता में भारी कमी आएगी, जबकि न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तर बिहार के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और सहरसा जिलों में लगातार घना कोहरा छाए रहने और दिन में भी ठंड पड़ने की संभावना है।

अभी और पड़ेगी ठंड 

कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहने का अनुमान है, जो 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, सारण, सिवान, गोपालगंज और बेगूसराय में भी ठंड और कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित होने की चेतावनी दी गई है। दक्षिण और मध्य बिहार के पटना, नालंदा, जहानाबाद, अरवल, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, गया और नवादा जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है।

33 जिलों के लिए अलर्ट जारी

राज्य भर में कड़ाके की ठंड के कारण सुबह से शाम तक सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग जरूरत पड़ने पर ही घरों से बाहर निकलते नजर आए और अलाव का सहारा लेते दिखे। मौसम विभाग ने 33 जिलों में कोल्ड डे और कुछ इलाकों में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 7 दिनों तक राज्य का मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले 4–5 दिनों के दौरान कई इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। 

24 घंटे के आंकड़े 

अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जबकि न्यूनतम तापमान में खास बदलाव की उम्मीद नहीं है। शनिवार को राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान भागलपुर के सबौर में 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे अधिक तापमान रोहतास के डेहरी और बांका में 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा। आज पटना, भागलपुर, बक्सर, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, सिवान सहित कई जिलों में अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।