Bihar weather: ठिठुरेगा बिहार! तेज़ी से गिरने लगा तापमान, कई जिलों में शीतलहर की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया ताज़ा अलर्ट

Bihar Weather: बिहार में मौसम इन दिनों तेज़ी से बदल रहा है और सर्दी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने लगी है।

Bihar weather
ठिठुरेगा बिहार! तेज़ी से गिरने लगा तापमान- फोटो : social Media

Bihar Weather: बिहार में मौसम इन दिनों तेज़ी से बदल रहा है और सर्दी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने लगी है। सुबह-शाम की ठिठुरन बढ़ गई है, जबकि दिन के तापमान में भी गिरावट देखी जा रही है। मौसम विभाग  के अनुसार दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब का क्षेत्र बन गया है, जिसके ऊपरी वायुमंडल में चक्रवाती हवाओं का घेरा भी सक्रिय है। हालांकि, बिहार में फिलहाल बारिश के आसार कम हैं और अगले पाँच दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

दिन और रात के तापमान में हो रही गिरावट से राज्य के अधिकांश हिस्सों में ठंड का असर महसूस किया जा रहा है। सुबह-शाम हल्का कुहासा छाने की संभावना है, जिससे दृश्यता पर भी कुछ असर पड़ेगा।

हवा में नमी की मात्रा 61% दर्ज की गई है। दिन में हल्की धूप से गर्माहट रहेगी, लेकिन जैसे ही सूरज ढलेगा ठंड अपना असर दिखाने लगेगी।ठंड के साथ-साथ हवा की गुणवत्ता  भी चिंता का विषय बनती जा रही है। बिहार में AQI 150 तक पहुँच चुका है, जो मॉडरेट से खराब श्रेणी में आता है। इससे सांस लेने में परेशानी हो सकती है, खासकर बुजुर्गों और बच्चों को।

राजधानी पटना में फिलहाल मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। न्यूनतम तापमान 16–17°C के बीच है, लेकिन अगले कुछ दिनों में इसमें 2 डिग्री तक की गिरावट की संभावना है।नवंबर के अंतिम सप्ताह से राजधानी समेत पूरे बिहार में ठंड में और बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।पिछले 24 घंटों में गया राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा, जहाँ न्यूनतम तापमान 10°C रिकॉर्ड किया गया। वहीं, पटना में न्यूनतम तापमान 16.5°C रहा।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार से तापमान में 2–3°C की और गिरावट संभव है, जिससे सुबह और शाम की ठिठुरन और बढ़ सकती है।

मौसम विशेषज्ञ बता रहे हैं कि उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता कम होने और आसमान साफ रहने की वजह से रात का तापमान तेज़ी से गिर रहा है। उत्तरी दिशा से आने वाली हल्की ठंडी हवा कई जिलों में सर्दी बढ़ा रही है।मौसम विभाग ने कटिहार, पूर्णिया, अररिया, खगड़िया और किशनगंज में सुबह के समय ज्यादा ठंड महसूस होने की चेतावनी जारी की है।इन जिलों में तेज़ ठंडी हवा चलने का अनुमान है और तापमान लगातार नीचे जा रहा है।

कुल मिलाकर, बिहार में सर्दी धीरे-धीरे अपनी दस्तक मज़बूत कर रही है। लोगों को सलाह दी गई है कि सुबह-शाम बाहर निकलते समय एहतियात बरतें और गर्म कपड़ों का इस्तेमाल बढ़ाएं।