Bihar Weather: पटना समेत 14 जिलों में गर्मी का कहर, सीमांचल में मेहरबान मानसून, 16 जिलों में होगी झमाझम बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट

Bihar Weather: बिहार का मौसम इन दिनों दो रंगों में दिखाई दे रहा है। सूबे के एक हिस्से में बारिश लोगों को राहत पहुंचा रही है, तो दूसरे हिस्से में गर्मी, उमस और लू का अज़ाब लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है।...

Bihar Weather Split Heatwave in West Rain Relief in East
पटना समेत 14 जिलों में गर्मी का कहर- फोटो : social Media

Bihar Weather: बिहार का मौसम इन दिनों दो रंगों में दिखाई दे रहा है। सूबे के एक हिस्से में बारिश लोगों को राहत पहुंचा रही है, तो दूसरे हिस्से में गर्मी, उमस और लू का अज़ाब लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। मौसम विभाग के ताज़ा पूर्वानुमान के मुताबिक बुधवार को पटना समेत दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम बिहार के कई जिलों में गर्म और शुष्क मौसम बना रह सकता है, जबकि उत्तर और पूर्वी बिहार में मेघ गर्जन, आंधी और बारिश की गतिविधियां तेज रहने के आसार हैं।

राजधानी पटना में मंगलवार रात झमाझम बारिश हुई, लेकिन हवा में नमी बढ़ने से उमस कम नहीं हो सकी। पटना का अधिकतम तापमान करीब 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि भभुआ और बक्सर प्रदेश के सबसे गर्म इलाकों में शामिल रहे। कैमूर, बक्सर, गया और शेखपुरा में लू जैसी स्थिति बनी रही, जिससे लोगों को दिनभर तपिश का सामना करना पड़ा।

दूसरी ओर, सीमांचल और उत्तर-पूर्वी बिहार में मौसम का मिज़ाज काफी मेहरबान बना हुआ है। पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, कटिहार, सुपौल, मधेपुरा, भागलपुर और बांका में बादलों की आवाजाही, बारिश और ठंडी हवाओं के कारण मौसम सुहावना रहने की संभावना है। इन जिलों में तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

मौसम विभाग ने समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, वैशाली, पूर्णिया, अररिया, कटिहार और किशनगंज समेत कई जिलों में वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।

पिछले 24 घंटों में नालंदा के गिरियक में सर्वाधिक 71.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं गोपालगंज में 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन दिनों तक दक्षिण बिहार में उमस भरी गर्मी का सिलसिला जारी रह सकता है, जबकि 27 जून के आसपास मानसून की सक्रियता बढ़ने और व्यापक बारिश होने के बाद लोगों को असली राहत मिलने की उम्मीद है।