Bihar Weather: बिहार में पछुआ हवा ने बढ़ाई कनकनी, किशनगंज सबसे ठंडा, इस दिन से बारिश की चेतावनी, सावधान रहे

Bihar Weather: बिहार में ठंड का असर लगातार बना हुआ है। इसी बीच मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई है। किशनगंज राज्य में सबसे ठंडा जिला रहा है। वहीं बारिश के कारण एक बार फिर ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।

बारिश
बिहार में मौसम का डबल अटैक - फोटो : AI Image

Bihar Weather:  बिहार में लगातार ठंड का असर बना हुआ है। ठंड भले की कड़ाके की नहीं है लेकिन सुबह और शाम लोगों को महसूस हो रही है। दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है। हालांकि पछुआ हवाओं के कारण हल्की ठंड अब भी कायम है। इसी बीच मौसम विभाग ने बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की मानें तो 15 फरवरी से कुछ इलाकों में हल्की बारिश के संभावना जताई जा रही है। बारिश के कारण तापमान में एक बार फिर गिरावट होगी। हालांकि फरवरी लास्ट तक ठंड से पूरी तरह राहत मिलने की उम्मीद है।

15 फरवरी से बारिश की संभावना 

मौसम विभाग के अनुसार 15 फरवरी को राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इस बारिश के चलते तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, जिससे सुबह और शाम के समय ठंड एक बार फिर बढ़ सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान किशनगंज 8.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा। वहीं बक्सर और नालंदा में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई जिलों में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी भी काफी कम रही।

धीरे धीरे खत्म होगी ठंड

इस साल फरवरी का मौसम पिछले कुछ वर्षों की तुलना में ज्यादा स्थिर और शुष्क बना हुआ है। वर्ष 2025 में इसी समय बादल और हल्की बारिश का असर देखने को मिला था, जबकि इस बार मौसम अपेक्षाकृत साफ बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे कड़ाके की ठंड का असर धीरे-धीरे खत्म होने के संकेत मिल रहे हैं।

सुबह शाम कनकनी वाली ठंड

विशेषज्ञों के अनुसार इस बार मौसम के बदले मिजाज की सबसे बड़ी वजह पश्चिमी विक्षोभ की कम सक्रियता है। सामान्य तौर पर जनवरी और फरवरी के बीच पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्की बारिश होती है, लेकिन इस बार इसका प्रभाव काफी कमजोर रहा। हवा की दिशा और गति में बदलाव का असर भी मौसम पर साफ तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि सुबह और देर रात कुछ इलाकों में घना कोहरा बन रहा है, लेकिन दिन में तेज धूप निकलने से यह जल्दी छंट जा रहा है। इसी वजह से दिन में हल्की गर्मी का एहसास हो रहा है, जबकि सुबह-शाम ठंड बनी हुई है।