Bihar Weather: बिहार में पछुआ हवाओं ने बढ़ाई कनकनी, ठंड ने फिर दी दस्तक, आज 25 जिलों के लिए अलर्ट जारी, सावधान रहे...

Bihar Weather: बिहार में पछुआ हवाओं ने कनकनी एक बार फिर बढ़ा दी है। ठंड ने एक फिर दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने 25 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। कोहरे ने एक बार फिर लोगों का जनजवीन प्रभावित कर दिया।

कोहरे
25 जिलों के लिए अलर्ट जारी - फोटो : News4nation

Bihar Weather: बिहार में मौसम का मिज़ाज बदला हुआ नजर आ रहा है। मंगलवार को दक्षिण-पश्चिम बिहार के अरवल, भोजपुर, बक्सर समेत कई जिलों में दिनभर तेज धूप खिली रही, जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि शाम होते-होते मौसम का मिज़ाज अचानक बदल गया। तेज पछुआ हवाएं चलने लगीं और आसमान में बादल छा गए, जिससे कई इलाकों में बारिश जैसे हालात बन गए। 

25 जिलों के लिए येलो अलर्ट 

मौसम विभाग ने आज दरभंगा, मुजफ्फरपुर, कटिहार समेत 25 जिलों में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, इन जिलों में दृश्यता 100 मीटर के आसपास रह सकती है। सुबह और देर रात घनी धुंध छाए रहने की संभावना है, वहीं ठंडी हवा के कारण कनकनी भी ज्यादा महसूस होगी। पिछले 24 घंटों में राज्य के 3 जिलों में घना कोहरा दर्ज किया गया, जहां दृश्यता लगभग 100 मीटर रही। वहीं न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के साथ भागलपुर राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा।

पश्चिमी विक्षोभ हुआ कमजोर 

लगातार घना कोहरा छाने की वजह पर मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर है और वातावरण में नमी बढ़ गई है। रात के समय हवा की रफ्तार काफी कम हो जा रही है, जिससे नमी जमीन के पास ही जमा हो रही है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं होने के कारण कोहरे की स्थिति और मजबूत बनी हुई है। साफ आसमान और शांत मौसम के चलते सुबह के समय कोहरा देर तक टिके रहने लगा है।

तापमान में फिलहाल कोई बदलाव नहीं 

मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल किसी बड़े मौसमी सिस्टम के सक्रिय होने के संकेत नहीं हैं। इसी वजह से अगले 24 घंटे में मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना कम है। सुबह और शाम हल्की ठंड बनी रहेगी, जबकि दिन में धूप निकलने से तापमान सामान्य रह सकता है। हालांकि हवा की रफ्तार बढ़ने या बादल छाने की स्थिति में कोहरे की तीव्रता में कमी आ सकती है।

पटना में कैसा रहेगा मौसम 

राजधानी पटना की बात करें तो यहां सुबह हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। दिन चढ़ने के साथ कोहरा छंटने और मौसम साफ रहने की संभावना है। पटना में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। सुबह-शाम हल्की ठंड रहेगी, जबकि दोपहर में मौसम सुहावना बना रहेगा। फिलहाल मौसम विभाग ने पटना के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। मौसम विभाग का कहना है कि यलो अलर्ट वाले जिलों को छोड़कर राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम सामान्य बना रहेगा। कुछ जगहों पर हल्का कोहरा जरूर दिखाई दे सकता है, लेकिन उसका असर ज्यादा नहीं होगा।