Bihar Weather: बिहार का मौसम अगले 24 घंटे में फिर लेगा करवट, भारी बारिश बढ़ाएगी ठंड, मौसम विभाग का सख्त अलर्ट
Bihar Weather: बिहार में एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में बारिश की संभावना जताई है। कई जिले कोहरे की चपेट में है।
Bihar Weather: बिहार में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। कई जिलें एक बार फिर घने कोहरे की चपेट में आ गए हैं। शनिवार को भागलपुर में हालात सबसे ज्यादा खराब रहे, जहां विजिबिलिटी घटकर महज 50 मीटर तक पहुंच गई। उत्तर बिहार के कई जिलों में भी सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, हालांकि दिन चढ़ने के साथ चटख धूप निकलने से ठंड से राहत मिली। रविवार को भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही बना रहने का अनुमान है।
बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों में सर्द हवाओं के कारण रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि फिलहाल ठंड के और बढ़ने के कोई ठोस संकेत नहीं हैं। पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में आसमान साफ रहेगा और दिन में तेज धूप निकलने की संभावना है, जिससे दिन और रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि शीतलहर या शीत दिवस जैसी स्थिति बनने के आसार नहीं हैं, हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
इन जिलों के लिए अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी फरवरी के पहले दिन पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, वैशाली और समस्तीपुर जिलों में कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। अन्य जिलों में हल्का कुहासा छाया हुआ है। सुबह से धूप निकलने के कारण धीरे-धीरे कोहरे के प्रभाव में कमी आने की उम्मीद है। वहीं, 2 फरवरी को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, वैशाली और समस्तीपुर में घने कोहरे की संभावना जताई गई है, जबकि शेष जिलों में हल्का कुहासा रह सकता है।
3 फरवरी को कुछ जिलों में हल्की बारिश
फरवरी के तीसरे दिन भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। इन इलाकों में तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है, जबकि राज्य के बाकी जिलों में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। बारिश की यह स्थिति एक दिन तक सीमित रहने की संभावना है।
तापमान का हाल
शनिवार को रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.8°C भागलपुर के सबौर में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 12.8°C मोतिहारी में रहा। दिन के तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देखा गया। अधिकतम तापमान 24.9°C राजगीर में दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम अधिकतम तापमान 20°C मुजफ्फरपुर में रहा।