ग्रीन विलेज मुहिम: बिक्रम के स्कूल में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का नारा,अमरूद,आंवला और सागवान के पौधों से महकेगा परिसर

पटना जिले के बिक्रम प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय दतियाना में 'ग्रीन विलेज मुहिम' के तहत बच्चों ने मिलकर 100 पौधे लगाए। इस मुहिम के मार्गदर्शक सुमित कुमार अपनी कमाई का 2 से 3 प्रतिशत हिस्सा पर्यावरण संरक्षण पर खर्च कर रहे हैं।

Bikram block plantation news
विद्यालय दतियाना में 'ग्रीन विलेज मुहिम' के तहत बच्चों ने मिलकर 100 पौधे लगाए- फोटो : Reporter

पटना जिले के बिक्रम प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय दतियाना में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए एक सराहनीय पहल की गई है। 'ग्रीन विलेज मुहिम' के तहत स्कूली बच्चों ने मिलकर परिसर में 100 पौधे लगाए। सुमित कुमार और अमित कुमार के नेतृत्व में चलाई जा रही इस विशेष मुहिम का मुख्य उद्देश्य मुफ्त पौधा वितरण और व्यापक वृक्षारोपण के जरिए प्रकृति को सहेजना है, जिसमें अब स्कूली बच्चे भी बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभा रहे हैं।


फलदार से लेकर इमारती लकड़ियों तक के पौधों का रोपण

विद्यालय परिसर में पर्यावरण को संतुलित करने के उद्देश्य से अलग-अलग प्रजातियों के कुल 100 पौधे रोपे गए। इनमें औषधीय और फलदार पौधों के साथ-साथ छायादार वृक्ष भी शामिल हैं। बारीकी से देखें तो इस अभियान के तहत 20 अमरूद, 20 कटहल, 20 आंवला, 10 नींबू और 5 आम के फलदार पौधे लगाए गए। इसके साथ ही पर्यावरण की सुंदरता और भविष्य की जरूरतों के लिए 5 गुलमोहर, 5 कचनार, 5 महोगनी और 10 सागवान के पौधे भी मिट्टी में रोपे गए।

अपनी कमाई का 2-3% हिस्सा पर्यावरण पर खर्च कर रहे हैं सुमित

इस मुहिम के मार्गदर्शक सुमित कुमार ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि पर्यावरण को बेहतर बनाने और मानव जीवन को बचाने में वृक्ष ही हमारे सबसे बड़े मददगार हैं। पेड़ न सिर्फ हमें शुद्ध हवा और जीवनदायिनी ऑक्सीजन देते हैं, बल्कि भूजल स्तर को भी बनाए रखने में मदद करते हैं। सुमित कुमार पर्यावरण के प्रति अपनी इस जिम्मेदारी को केवल बातों तक सीमित नहीं रखते, बल्कि वे अपनी निजी कमाई का 2 से 3 प्रतिशत हिस्सा नियमित रूप से मुफ्त पौधे बांटने और उनके संरक्षण पर खर्च कर रहे हैं।

प्रधानाध्यापिका ने दिलाई शपथ; बढ़ते तापमान और जल संकट पर जताई चिंता

कार्यक्रम में मौजूद विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती चंचला कुमारी ने ग्रीन विलेज मुहिम की सराहना करते हुए बच्चों और शिक्षकों को पेड़ों के संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने लगातार बढ़ते तापमान और अंधाधुंध कटते पेड़ों पर गहरी चिंता जताते हुए चेतावनी दी कि अगर आज हम सचेत नहीं हुए, तो आने वाले समय में हमें शुद्ध हवा, ऑक्सीजन और पानी के गंभीर संकट से जूझना पड़ेगा। इस मौके पर शिक्षक रवीश कुमार, निखिल श्रीमाली, सोनिया और नेहा सिंह सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।

रिपोर्ट - ऋषिकेश कुमार