Bikram Patna Theft: बिक्रम में निर्माणाधीन भवन का खिड़की तोड़कर 2.5 लाख की चोरी, पुलिस जांच में जुटी

पटना जिले के बिक्रम स्थित कुसुमराज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के निर्माणाधीन भवन से अज्ञात चोरों ने खिड़की तोड़कर ढाई लाख रुपये के बिजली के तार व उपकरण चुरा लिए। पुलिस डायल 112 और सीसीटीवी फुटेज की मदद से मामले की जांच कर रही है।

Bikram Patna Kusumraj Group of Institute Theft
बिक्रम स्थित कुसुमराज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के निर्माणाधीन भवन से चोरी - फोटो : Reporter

पटना जिले के बिक्रम थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरियावां स्थित कुसुमराज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट परिसर में दुस्साहसिक चोरी का मामला सामने आया है। बीती रात अज्ञात चोरों ने संस्थान के एक निर्माणाधीन भवन को निशाना बनाया। चोरों ने भवन के निचले तले पर स्थित एक बंद कमरे की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरे में रखे लगभग ढ़ाई लाख रुपये मूल्य के बिजली के तार, पंखे और फिटिंग के अन्य कीमती उपकरण चुराकर फरार हो गए।


दोपहर में कमरा खोलते ही खुली घटना की पोल

घटना की जानकारी तब हुई जब बुधवार दोपहर संस्थान के कर्मियों ने उक्त निर्माणाधीन कमरे को खोला। कमरे में सारा सामान बिखरा पड़ा था और बिजली की फिटिंग का अधिकांश कीमती सामान गायब था। यह देखकर कर्मचारियों के होश उड़ गए। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने रात के अंधेरे में खिड़की का वेंटिलेटर/ग्रिल तोड़कर इस वारदात को अंजाम दिया था।


डायल 112 और स्थानीय पुलिस को दी गई सूचना

चोरी की भनक मिलते ही संस्थान प्रबंधन और सदस्यों ने बिना देरी किए डायल 112 पर कॉल करके आपातकालीन पुलिस टीम को मौके पर बुलाया। घटना स्थल का मुआयना करने के बाद संस्थान द्वारा बिक्रम थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित आवेदन दिया गया। आवेदन में चोरी हुए उपकरणों की सूची सौंपते हुए त्वरित कानूनी कार्रवाई और सामान बरामद करने की गुहार लगाई गई है।


सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

लिखित शिकायत मिलने के बाद बिक्रम थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस की एक टीम घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही गिरोह का सुराग लगाकर मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

ऋषिकेश  की रिपोर्ट