बिक्रम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मझौली-सिघाड़ा रोड में घेराबंदी कर शराब और बियर के साथ कार जब्त,3 युवक गिरफ्तार

बिक्रम थानाध्यक्ष प्रभात कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने मझौली-सिघाड़ा रोड में घेराबंदी कर एक लग्जरी XL6 कार को जब्त किया। कार से शराब और बियर की बोतलें बरामद हुई हैं। मौके से नशे में धुत 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Bikram Police XL6 Car Seized with liquor three arrested
बिक्रम में शराब-बियर के साथ लग्जरी XL6 कार जब्त, शराब के नशे में 3 गिरफ्तार- फोटो : Reporter

पटना में नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत लगातार पुलिसिया एक्शन जारी है इसी क्रम में बिक्रम पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शराब और बियर की बोतलों के साथ एक लग्जरी कार को जब्त किया है। यह पूरी कार्रवाई बिक्रम थानाध्यक्ष प्रभात कुमार के कुशल नेतृत्व में अंजाम दी गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक सीएनजी कार में कुछ संदिग्ध लोग जा रहे हैं, जिसके बाद पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए रणनीति बनाई।


मझौली-सिघाड़ा रोड में बिछाया गया जाल 

सूचना के आधार पर पुलिस ने मझौली-सिघाड़ा मुख्य मार्ग पर सघन घेराबंदी कर दी। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक संदिग्ध XL6 ZETA CNG कार को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस की अचानक हुई इस घेराबंदी के कारण कार सवारों को भागने या संभलने का कोई मौका नहीं मिला।


कार से शराब बरामद, तीन शराबी गिरफ्तार 

तलाशी के दौरान लग्जरी कार के अंदर से बियर और शराब की बोतलें बरामद की गईं। कार में सवार तीनों युवक अत्यधिक शराब के नशे में धुत थे, जिन्हें पुलिस ने तुरंत हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिक्रम के सिनेमा हॉल रोड निवासी जुग्नु कुमार, अनिल कुमार और दुल्हिन बाजार के सिघड़ा निवासी भोनु कुरैशी के रूप में हुई है।

उत्पाद अधिनियम में केस दर्ज, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस ने शराब और लग्जरी कार को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम (लिकर बैन एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं।

बिक्रम से ऋषिकेश की रिपोर्ट