Bihar News : बेतिया में पांच लोगों की मौत पर फूटा लोगों का गुस्सा, शवों के साथ किया सड़क जाम, मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की रखी मांग

Bihar News : पश्चिम चंपारण के बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग (NH-727) पर बनकटवा गांव के समीप शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद पांचों शव पहुंचते ही भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने जमकर बवाल काटा.....पढ़िए आगे

Bihar News : बेतिया में पांच लोगों की मौत पर फूटा लोगों का ग
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा - फोटो : ASHISH

BETTIAH : पश्चिम चंपारण के बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग (NH-727) पर बनकटवा गांव के समीप शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद पांचों शव पहुंचते ही भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने शवों को सड़क पर रखकर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया। प्रदर्शनकारी पीड़ित परिवारों के लिए उचित मुआवजा राशि और परिवार के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग पर अड़े हुए हैं।

हादसे की पृष्ठभूमि के अनुसार, शुक्रवार की मध्यरात्रि बनकटवा निवासी देवेंद्र दुबे की पुत्री के जन्मदिन व छठियार के उपलक्ष्य में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम चल रहा था। बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क किनारे बैठकर कार्यक्रम का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान बेतिया की ओर से आ रहे एक ट्रक और लौरिया से बेतिया जा रही तेज रफ्तार यात्री बस के बीच ओवरटेक करने की होड़ मची, जिसमें अनियंत्रित बस ने भीड़ को सीधे रौंद दिया।

घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार और भारी हंगामा शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्परता दिखाते हुए भाग रही बस को खदेड़कर रुकवाया। इस भीषण टक्कर में 5 लोगों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए बेतिया जीएमसीएच (GMCH) भेजा गया तथा मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बीडीओ, सीओ, आरओ और जिलाधिकारी के ओएसडी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। नरकटियागंज एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रात में मनोरंजन कार्यक्रम के दौरान बस की चपेट में आने से 5 लोगों की जान गई है और 4 घायल हैं।

प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम लगातार आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने और सड़क से जाम हटाने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों ने परिजनों को आश्वस्त किया है कि सड़क सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के तहत सरकार द्वारा निर्धारित सभी सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराई जाएगी। हालांकि, आक्रोश को देखते हुए इलाके में तनाव बना हुआ है और खबर लिखे जाने तक जाम नहीं हटाया जा सका है।

आशीष की रिपोर्ट