Bihar Politics: सभी MLA हाजिर हो...BJP-JDU के विधायकों को बुलाया गया पटना, आज सीएम आवास में फिर होगी बड़ी बैठक, सियासी पारा हाई

Bihar Politics: बिहार में सियासी सरगर्मी हाई है। इसी बीच आज सीएम आवास पर एक और बड़ी बैठक होने वाली है। बैठक में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह शामिल होंगे। साथ ही जदयू-बीजेपी के सभी विधायकों को पटना बुलाया गया है।

सीएम नीतीश
सभी विधायकों को बुलाया गया पटना - फोटो : social media

Bihar Politics: बिहार में राजनीतिक हलचल सातवें आसमान पर है। नई सरकार के गठन और सीएम नीतीश के इस्तीफे को लेकर कयासों के बाजार गर्म है। इसी बीच जानकारी सामने आ रही है कि आज यानी रविवार को सीएम आवास पर एक और बड़ी बैठक होने वाली है। बीते दिन भी सीएम आवास में जदयू नेताओं के साथ नीतीश कुमार ने बैठक की। बैठक के बाद हैरान करने वाली तस्वीर भी सामने आई। जहां 1 अणे मार्ग से सामान 7 सर्कुलर रोड में शिफ्ट होता दिखा। वहीं सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार आज की बैठक में जदयू के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। बैठक में शामिल होने के लिए केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी पटना पहुंच रहे है। देर रात दोनों डिप्टी सीएम ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात किया था। आने वाले 2 से 3 दिनों में सियासी स्थिति साफ हो जाएगी। 

आज सीएम आवास में बड़ी बैठक 

सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार सीएम हाउस में आज होने वाली अहम बैठक में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार, मंत्रियों की संख्या और विभागों के बंटवारे पर चर्चा होगी। सूत्रों के मुताबिक अगले दो दिनों में इन मुद्दों पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। यही नहीं जदयू और बीजेपी दोनों दलों के विधायकों को पटना में मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। जो विधायक अब तक नहीं पहुंचे हैं, उन्हें जल्द राजधानी पहुंचने को कहा गया है। आज सुबह से ही विधायकों के पटना आने का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

14 अप्रैल को नीतीश देंगे इस्तीफा 

मौजूदा सरकार की अंतिम कैबिनेट बैठक 13 या 14 अप्रैल को होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। अगर बैठक होती है तो इससे जुड़ा नोटिफिकेशन आज शाम तक जारी किया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। इसके बाद एनडीए विधायक दल की बैठक में नए नेता का चयन होगा और 15 अप्रैल को नई सरकार का शपथ ग्रहण प्रस्तावित है।

सीएम नीतीश से मिले दोनों डिप्टी सीएम 

शनिवार शाम बिहार के दोनों डिप्टी सीएम मुख्यमंत्री आवास पहुंचे थे। उनके साथ मंत्री लखेंद्र पासवान भी मौजूद थे। करीब 30 मिनट चली बैठक के बाद नेताओं ने संकेत दिया कि जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी और आगे की सरकार भी नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही बनेगी। वहीं डिप्टी सीएम विजय सिन्हा भी मुलाकात के बाद लोकभवन पहुंचे, जहां उन्होंने करीब आधे घंटे तक अधिकारियों से चर्चा की। इसके अलावा जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और मंत्री विजय चौधरी ने भी सीएम से मुलाकात कर नए मंत्रिमंडल के स्वरूप और युवा चेहरों को शामिल करने पर चर्चा की।

पहली बार बीजेपी का सीएम और जदयू का डिप्टी सीएम 

सूत्रों के अनुसार एनडीए के मौजूदा फॉर्मूले को बरकरार रखा जा सकता है। इस बार जदयू को डिप्टी सीएम पद मिल सकता है और पार्टी के दो डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं। साथ ही विधानसभा स्पीकर का पद भी जदयू को मिलने की चर्चा है। पार्टी सूत्रों का दावा है कि संभावित दो डिप्टी सीएम में से एक के रूप में निशांत कुमार का नाम लगभग तय माना जा रहा है, जिससे भविष्य में पार्टी नेतृत्व उनके हाथों में जाने के संकेत मिल रहे हैं। वहीं पहली बार बीजेपी कोटे से कोई बिहार का सीएम बनेगा। 

राज्यसभा सांसद बने नीतीश कुमार

गौरतलब हो कि, 10 अप्रैल को नीतीश कुमार ने राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ली है। उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने उन्हें शपथ दिलाई। इसके साथ ही नीतीश कुमार उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हो गए हैं, जो लोकसभा, राज्यसभा, बिहार विधानसभा और विधान परिषद चारों सदनों के सदस्य रह चुके हैं।