Bihar Politics: बिहार NDA में महाभारत! BJP-JDU की तकरार के बीच सोनिया गांधी की लालू से मुलाकात, क्या नीतीश के सियासी किले में लगने वाली है सेंध?

Bihar Politics: दिल्ली में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मुलाकात कर राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है।

Bihar Politics: बिहार NDA में महाभारत! BJP-JDU की तकरार के ब
सोनिया गांधी की लालू से मुलाकात- फोटो : X

Bihar Politics: बिहार की सियासत में इन दिनों जबरदस्त घमासान मचा हुआ है। सत्ता के गलियारों में भाजपा और जदयू के बीच बढ़ती तल्खी ने एनडीए गठबंधन की एकजुटता पर सवालिया निशान लगा दिया है। एक तरफ भाजपा-जदयू के बीच सियासी रस्साकशी तेज है, तो दूसरी तरफ दिल्ली में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मुलाकात कर राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है। इस मुलाकात को महज शिष्टाचार भेंट मानने के बजाय सियासी गलियारों में इसके दूरगामी मायने तलाशे जा रहे हैं। सवाल उठने लगा है कि क्या बिहार में नए राजनीतिक समीकरण की पटकथा लिखी जा रही है?

विधान परिषद चुनाव के बाद NDA में रार, भाजपा-जदयू आमने-सामने

दरअसल, बिहार विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद एनडीए के दो प्रमुख घटक दलों भाजपा और जदयू के बीच तल्खी खुलकर सामने आने लगी है। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय जीत दर्ज करने वाले राहुल राज और तिरहुत स्नातक सीट से विजयी निर्दलीय एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी के भाजपा में शामिल होने को लेकर जदयू ने सवाल खड़े किए हैं।

जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने राहुल राज की भाजपा में वापसी पर नाराजगी जताते हुए पूछा कि जिस व्यक्ति को पार्टी ने छह साल के लिए निष्कासित किया था, उसे इतनी जल्दी दोबारा किस परिस्थिति में शामिल किया गया? उन्होंने भाजपा और उसके शीर्ष नेतृत्व से इस पूरे प्रकरण पर विचार करने की नसीहत दी।जदयू के इस बयान को भाजपा के फैसले पर सीधे सवाल और गठबंधन के भीतर बढ़ती खींचतान के तौर पर देखा जा रहा है।

राजद का तंज: भाजपा की रहमो-करम पर चल रही जदयू!

इधर, राजद प्रवक्ता शक्ति यादव ने इस विवाद पर ऐसा सियासी तीर चलाया कि एनडीए की अंदरूनी कलह फिर चर्चा में आ गई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कभी भाजपा को आंख दिखाने वाली और अपने शर्तों पर राजनीति करने वाली जदयू आज गिड़गिड़ाने की स्थिति में पहुंच गई है।

शक्ति यादव ने दावा किया कि अब भाजपा जदयू की कृपा पर नहीं, बल्कि जदयू भाजपा की रहमो-करम पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि भाजपा समझ चुकी है कि जदयू का अपना कोई राजनीतिक अस्तित्व नहीं रह गया है। उमेश कुशवाहा के गठबंधन धर्म निभाने और शीर्ष नेतृत्व से विचार करने की अपील पर भी उन्होंने निशाना साधा।

दिल्ली में सोनिया-लालू की मुलाकात, बिहार की सियासत में नई खलबली

इसी सियासी उठापटक के बीच सोनिया गांधी का लालू प्रसाद यादव से मिलना राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। बिहार में भाजपा और जदयू के बीच बढ़ती बयानबाजी के दौरान इस मुलाकात ने विपक्षी खेमे की संभावित रणनीति को लेकर अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है।

क्या टूट की दहलीज पर NDA या महज दबाव की सियासत?

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या बिहार में एनडीए गठबंधन के भीतर दरार इतनी गहरी हो चुकी है कि टूट की नौबत आ सकती है? क्या जदयू अपनी राजनीतिक हैसियत और हिस्सेदारी को लेकर भाजपा पर दबाव बना रही है? या फिर यह गठबंधन के भीतर वर्चस्व की सामान्य सियासी लड़ाई है?

फिलहाल  नेताओं के तीखे बयान और दिल्ली की सियासी मुलाकातों ने बिहार की राजनीति में नई बेचैनी जरूर पैदा कर दी है। आने वाले दिनों में भाजपा और जदयू का रुख तय करेगा कि यह सियासी तूफान केवल बयानबाजी तक सीमित रहेगा या बिहार में सत्ता के समीकरण बदलने की जमीन तैयार करेगा।

दिल्ली से धीरज कुमार सिंह की रिपोर्ट