NH-139 और पटना-बारूण सोन नहर मार्ग पर हादसों का सिलसिला थामे सरकार, बैरिकेडिंग की उठी मांग
भाजपा नेता राजीव रंजन ने पटना-बारुण नहर किनारे बैरिकेडिंग और औरंगाबाद मुख्य सड़क को फोरलेन बनाने की मांग उठाई है ताकि बढ़ते हादसों पर लगाम लग सके।
Patna - भारतीय जनता पार्टी के राजनीतिक प्रतिपुष्टि एवं प्रतिक्रिया विभाग के प्रदेश संयोजक राजीव रंजन ने पटना-बारुण सोन नहर मार्ग पर हो रही लगातार दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने राज्य सरकार से पुरजोर मांग की है कि नहर के किनारे जल्द से जल्द मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाए ताकि अनियंत्रित होकर वाहनों के नहर में गिरने के हादसों को रोका जा सके।
रफ्तार का कहर और संकरी सड़क बनी जानलेवा
श्री रंजन ने कहा कि पटना-औरंगाबाद NH-139 के समानांतर नहर किनारे बनी सड़क पर यातायात का अत्यधिक दबाव रहता है। हजारों छोटी गाड़ियां इसी मार्ग से पटना से औरंगाबाद और बारुण तक का सफर तय करती हैं। सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण आए दिन वाहन नहर में समा जाते हैं। अब तक दर्जनों लोग इन हादसों में अपनी जान गंवा चुके हैं। हाल ही में औरंगाबाद के एक दंपती की कार नहर में गिरने से हुई मौत ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।
विधायकों की मांग और फोरलेन की उम्मीद
राजीव रंजन ने NH-139 को फोरलेन बनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने बताया कि अरवल, ओबरा और औरंगाबाद के विधायकों ने विधानसभा में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया है। विभागीय मंत्री की ओर से मिला सकारात्मक जवाब इस क्षेत्र के लोगों के लिए उम्मीद की किरण बना है। उन्होंने कहा कि पटना, अरवल और दाउदनगर के लोगों को जल्द फोरलेन की सौगात मिलनी चाहिए।