Bihar News : तेजस्वी के बयान पर भाजपा नेता राजीव रंजन ने किया पलटवार, कहा 'हार के बाद बहाने ढूंढना राजद की पुरानी आदत'
PATNA : भारतीय जनता पार्टी के राजनीतिक प्रतिपुष्टि एवं प्रतिक्रिया विभाग के प्रदेश संयोजक राजीव रंजन ने राजद नेता तेजस्वी यादव के बयानों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में हार के बाद विपक्ष अब हार के नए-नए बहाने और आयाम गढ़ने में व्यस्त है। राजीव रंजन ने स्पष्ट किया कि बिहार में किसी की जीत या हार व्यक्तिगत नहीं थी, बल्कि यह बिहार की जागरूक जनता की जीत थी, जिसने सोच-समझकर लोकतंत्र के हित में फैसला सुनाया। बताते चलें की तेजस्वी ने पटना आते ही नीतीश सरकार घेरने के लिए 100 दिन की मोहलत दी है।
भाजपा नेता ने तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि जब राजद चुनाव हार जाती है, तो वह जनता के जनादेश का सम्मान करने के बजाय उस पर सवाल उठाने लगती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार की जनता पूरी तरह जागरूक है और उसने विकास और स्थिरता के लिए एनडीए की सरकार को अपार बहुमत दिया है। जनता द्वारा दिए गए इस स्पष्ट जनादेश को आरोपित करना न केवल अनुचित है, बल्कि यह लोकतंत्र की मूल भावना के भी खिलाफ है।
राजीव रंजन ने वर्तमान सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व विजय सिन्हा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार जनता के प्रति पूरी तरह जवाबदेह है। उन्होंने कहा कि यह सरकार प्रदेश के विकास और जन-कल्याण के कार्यों में रात-दिन लगी हुई है। उन्होंने तेजस्वी यादव से सवाल किया कि जो दल खुद विकास विरोधी रहा है, उसे वर्तमान सरकार की कार्यप्रणाली पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर राजद परिवार को घेरते हुए रंजन ने कहा कि तेजस्वी यादव का पूरा परिवार वर्तमान में 'घोटालों के चक्रव्यूह' में फंसा हुआ है। उन्होंने 'लैंड फॉर जॉब' (जमीन के बदले नौकरी) मामले का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें आरोप साबित होना इस बात का ताजा उदाहरण है कि राजद का शासनकाल भ्रष्टाचार का पर्याय रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लालू-राबड़ी के शासन के दौरान बिहार भयक्रांत था और अपराध का बोलबाला था, जिसके कारण जनता में आज भी खौफ है।
अंत में भाजपा संयोजक ने कहा कि बिहार की जनता ने राजद के उस 'जंगलराज' और अराजकता वाले शासन को आज भी भूला नहीं है। यही कारण है कि प्रदेश की जनता बार-बार राजद को सत्ता से बेदखल कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार में लोकतंत्र पूरी तरह सुरक्षित और कायम है। राजीव रंजन ने दोहराया कि एनडीए की सरकार विकास के पथ पर अग्रसर है और आने वाले समय में भी जनता का भरोसा प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व पर बना रहेगा।