Bankipur Bypoll : भाजपा नेता शिशिर साहू ने किया दावा, कहा नीरज सिन्हा की जीत पक्की, प्रशांत किशोर की पार्टी फिर हारेगी

Bankipur Bypoll : भाजपा नेता शिशिर साहू ने बांकीपुर उपचुनाव में पार्टी के उम्मीदवार नीरज सिन्हा की जीत का दावा का किया है। उन्होंने कहा की बांकीपुर में भाजपा की टक्कर में कोई नहीं है......पढ़िए आगे

Bankipur Bypoll : भाजपा नेता शिशिर साहू ने किया दावा, कहा नी
भाजपा की जीत का दावा - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी के नेता शिशिर साहू ने पार्टी उम्मीदवार नीरज सिन्हा की प्रचंड जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर क्षेत्र में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा किए गए अभूतपूर्व विकास कार्यों की वजह से स्थानीय जनता का विश्वास भारतीय जनता पार्टी पर पूरी तरह बना हुआ है। उन्होंने भरोसा जताया कि नीरज सिन्हा जीत के बाद नितिन नवीन के इन विकास प्रयासों को लगातार आगे बढ़ाने का काम करेंगे।

बयान के दौरान शिशिर साहू ने जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस उपचुनाव में प्रशांत किशोर को एक बार फिर करारी हार का मुंह देखना पड़ेगा। साहू ने दावा किया कि बिहार के जागरूक मतदाताओं ने पीके की राजनीतिक विचारधारा और उनकी पार्टी को पहले ही पूरी तरह नकार दिया है। यही मुख्य वजह है कि तमाम दावों के बावजूद जन सुराज पार्टी राज्य के चुनावी समर में अपना खाता खोलने में भी कामयाब नहीं हो पाई।

शिशिर साहू ने क्षेत्र की जनता के मूड को स्पष्ट करते हुए कहा कि बांकीपुर के निवासियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केंद्रीय नेतृत्व और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कुशल शासन पर अटूट भरोसा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में एक ही गठबंधन की सरकार होने से बिहार में विकास की गति तेज हुई है। इस 'डबल इंजन' की सरकार का सीधा और बड़ा फायदा बिहार की जनता को मिल रहा है, जिससे आम लोगों का झुकाव एनडीए की तरफ साफ दिख रहा है।

सरकारी योजनाओं और क्षेत्रीय विकास का जिक्र करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि बांकीपुर की जनता को यह साफ दिख रहा है कि कौन उनके हित में काम कर रहा है और कौन सिर्फ चुनावी वादे। नितिन नवीन द्वारा अपने कार्यकाल के दौरान क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं, सड़कों और जन सरोकार के मुद्दों पर किए गए कार्यों का लाभ इस उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार को सीधा मिलेगा। यही कारण है कि इस सीट पर नीरज सिन्हा की जीत अब महज एक औपचारिकता रह गई है और उनकी जीत पूरी तरह पक्की मानी जा रही है।

वंदना की रिपोर्ट